{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Vietnam Phu Quoc Boat Crash   : फु क्वोक द्वीप के पास बोट पलटी,  15 भारतीयों की मौत, ज्यादातर तेलंगाना-आंध्रप्रदेश के
 

 

RNE International Desk

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बोट में 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर सवार थे। मृतकों में अधिकांश पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। स्पीडबोट पर्यटकों को होन मे रुट (Hon May Rut) द्वीप से न्गोआई (Ngoai) द्वीप की सैर कराने ले जा रही थी। तट से करीब 400 मीटर पहले समुद्र में अचानक बोट पलट गई।

ऊंची लहरें बनीं हादसे की वजह : 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ रही थीं। बोट पलटने के बाद कई पर्यटक उसके नीचे फंस गए, जिससे जनहानि बढ़ गई। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और समुद्री लहरों को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

लाइफ जैकेट नहीं पहनने की भी आशंका : 

बताया जा रहा है कि अधिकांश  पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी। बोट पलटते ही कई लोग बाहर नहीं निकल सके और नाव के भीतर ही फंस गए। मामले की जांच जारी है।


कोरल रीफ डाइविंग के लिए मशहूर है इलाका : 

भारतीय पर्यटक जिस न्गोआई द्वीप की ओर जा रहे थे, वह अपने साफ समुद्र, छोटे-छोटे बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक सामान्यतः एन थोई बंदरगाह से स्पीडबोट या बोट किराये पर लेते हैं।

02 महिलाएं शामिल, कंट्रोल रूम बनाया : 

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने हादसे के बाद प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। दूतावास ने बताया कि सभी प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की जा रही है। भारतीय दूतावास द्वारा जारी सूची के अनुसार बोट में सवार 32 भारतीयों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। सभी यात्रियों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

ये हैं हेल्पलाइन नंबर

+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414