उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन
RNE Network.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं में आवेदन एवं संस्थागत प्रक्रियाओं की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि अब विद्यार्थी व शिक्षण संस्थान संबंधित प्रक्रियाएं 30 जून 2026 तक पूरी कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य की राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के पंजीयन/नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता, पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर अपडेट तथा विद्यार्थियों द्वारा पेपरलेस ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित समय तक जारी रहेगी। आवेदन वेबसाइट http://www.sjmsnew.rajasthan.gov.in/scholarship तथा SJED APPLICATIONS मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को आवेदन से पूर्व आवश्यक दस्तावेज जैसे जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आय घोषणा पत्र आदि अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही शिक्षण संस्थानों को भी पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की मान्यता एवं पाठ्यक्रम संबंधी जानकारी समय पर अपडेट करने को कहा गया है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित थी। तिथि बढ़ने से विद्यार्थियों और संस्थानों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध होगा।