{"vars":{"id": "127470:4976"}}

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी, 5253वें जन्मोत्सव पर मथुरा में होंगे भव्य आयोजन

 

RNE Network.
 

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन को भव्य बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त ओजस्वी राज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि 5253वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के तहत 2 से 4 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। शहर में पांच मुख्य और 21 छोटे मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मर भी प्रस्तुति देंगे। 4 सितंबर को विश्राम घाट पर 5100 दीप जलाने का प्रस्ताव है। मंत्री ने दीपों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा 25 प्रमुख चौराहों, तीन घाटों और मार्गों पर विद्युत सजावट की जाएगी। शहर के 17 प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।