Rajasthan SI Re Exam : बीकानेर में 47 केंद्र, 13,584 अभ्यर्थी, 1,132 वीक्षक तैनात
SI पुनः परीक्षा : जानिए कब तक पहुंचे, किन चीजों से बचें, क्या पहने
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान लोक सेवा आयोग की उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा 2021 (गृह विभाग) रविवार को बीकानेर जिले में आयोजित होगी। परीक्षा दो पारियों में 47 केंद्रों पर होगी। जिले में कुल 13,584 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रशासन और पुलिस ने परीक्षा की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
पहली पारी में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सामान्य हिंदी तथा दूसरी पारी में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का प्रश्नपत्र होगा। परीक्षा के लिए 29 सरकारी और 18 निजी विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रीना को परीक्षा समन्वयक तथा जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (मुख्यालय) डॉ. रामगोपाल शर्मा को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ पुलिस नोडल अधिकारी होंगे।
1,132 वीक्षक और 8 उड़नदस्ते तैनात :
परीक्षा के लिए 1,132 वीक्षक, 65 ऑब्जर्वर और 16 उपसमन्वयक नियुक्त किए गए हैं। वहीं 8 उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। प्रत्येक उड़नदस्ते में राजस्थान प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा और शिक्षा सेवा के एक-एक अधिकारी को शामिल किया गया है। परीक्षा समन्वयक ने बताया कि सरकारी परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत और निजी केंद्रों पर 75 प्रतिशत वीक्षक सरकारी कार्मिक होंगे।
गैरहाजिर वीक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई :
सभी वीक्षकों को शनिवार को संबंधित परीक्षा केंद्रों पर तैयारी बैठक के लिए उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले वीक्षकों और अन्य कार्मिकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
हर केंद्र पर दो वीडियोग्राफर :
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो वीडियोग्राफर तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्रों की प्राप्ति, संग्रहण, वितरण और परीक्षा समाप्ति के बाद सीलबंद पैकेट आयोग को भेजने तक की गतिविधियों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। जिला मुख्यालय पर परीक्षा संबंधी नियंत्रण कक्ष शुरू कर दिया गया है। इसका दूरभाष नंबर 0151-2226031 है।
परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही प्रवेश :
अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्नपत्र की परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को पहचान के लिए नवीनतम मूल आधार कार्ड साथ लाना होगा। यदि आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो ड्राइविंग लाइसेंस या मतदाता पहचान पत्र जैसे अन्य मूल फोटो पहचान पत्र, जिन पर नवीनतम और स्पष्ट रंगीन फोटो हो, साथ लाना होगा। केंद्र पर सुरक्षा जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान की प्रक्रिया होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध :
परीक्षा केंद्र में करेक्शन पेन, व्हाइटनर और सफेदा लाने पर प्रतिबंध रहेगा। लाख या कांच की पतली चूड़ियों के अलावा अन्य आभूषण, घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंडबैग, हेयर पिन, गंडा-ताबीज, कैप, हैट, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल और मफलर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
कैसे कपड़े पहनें :
पुरुष अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता, पैंट या पायजामा तथा हवाई चप्पल पहनकर आने के निर्देश हैं। महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता-ब्लाउज और हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आएं तथा बालों में साधारण रबर बैंड लगाएं। सिख धर्म के अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण और पगड़ी जैसे धार्मिक प्रतीक धारण कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति रहेगी।