राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच शुरू, 15 अगस्त तक नई रोशनी में जगमगाएगा राम मंदिर
RNE Network.
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान मंदिर निर्माण कार्यों और दान प्रकरण की जांच को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले के मामले में सरकार ने 24 घंटे के भीतर एसआईटी का गठन कर जांच शुरू कर दी है। जांच टीम में तीन वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। सरकार ने एक सप्ताह में प्रारंभिक और 15 दिनों में अंतिम रिपोर्ट मांगी है। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर परिसर की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए करीब चार किलोमीटर लंबी आधुनिक बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है।
इसके साथ 25 वॉच टावर भी स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का कार्य इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड को सौंपा गया है और अगस्त 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर की भव्य फसाड लाइटिंग का काम अंतिम चरण में है और 15 अगस्त तक मंदिर नई रोशनी से जगमगा उठेगा। वहीं राम कथा संग्रहालय में 20 गैलरियों का विकास किया जा रहा है, जिनमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से राम कथा प्रस्तुत की जाएगी।