Rishikesh Bus Accident : 100 मीटर गहराई में गिरी बस, 10 की मौत, 20 घायल, 06 गंभीर!
ऋषिकेश-बद्रीनाथ के बीच 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 10 मौतों की पुष्टि!
Rudra News Express National Desk.
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 06 की हालत गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर जवानों ने पुलिस बल के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख :
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक "एक्स" अकाउंट पर जारी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हादसे के कारण हुई जनहानि की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश :
CM पुष्कर सिंह धामी ने गूलर बस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को बेहतर इलाज व देखभाल के निर्देश दिए। CM ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दिए हैं।
झारखंड, असम, बिहार और MP के हैं घायल :
ऋषिकेश की SSP श्वेता चौबे के हवाले से आई जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीम ने रेस्क्यू कर घायलों को एम्स पहुंचाया। घायल झारखंड, असम, बिहार और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।