{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Smuggling Through Dak Parcel :  कपड़ों से भरे कार्टन के चारों किनारों में छिपाए थे आठ पैकेट, जांच में निकला 10.8 किलो एम्फैटेमिन!
 

 

Rudra News Express New Delhi. 

विदेशी डाक पार्सल के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पार्सल में कपड़े होने की बात कही गई थी, लेकिन जांच करने पर  भीतर छिपाए गए गुलाबी रंग के पाउडर के आठ पैकेट बरामद हुए। पार्सल यूरोप के एक देश से आया था। इसमें सामान का विवरण 'क्लेरेन' (कपड़े) बताया गया था। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने यूरोप से आए इस विदेशी डाक पार्सल से 10.8 किलोग्राम एम्फैटेमिन जब्त किया है। 

चारों किनारों में छिपाए थे पैकेट : 

प्राथमिक तौर पर कार्टन के अंदर सामान्य घरेलू कपड़े मिले और यह पार्सल सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन पैकेजिंग की बारीकी से जांच करने पर तस्करी का अनूठा तरीका सामने आया। दरअसल कार्टन के चारों किनारों में दो-दो प्लास्टिक पाउच बेहद चालाकी से छिपाए गए थे। इस तरह कुल आठ पैकेट बरामद हुए। इनमें गुलाबी रंग का पाउडर भरा हुआ था। जांच में इस पदार्थ की एम्फैटेमिन के रूप में पुष्टि हुई। इसका कुल वजन 10.8 किलोग्राम बताया गया है।

NDPS एक्ट में जब्त, नेटवर्क की तलाश : 

सभी आठ पैकेट नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट में जब्त कर लिए हैं। अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि तस्करी के लिए वैध डाक पार्सल और व्यापारिक माध्यमों का दुरुपयोग करने की कोशिश की गई। इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई और क्रॉस-बॉर्डर लॉजिस्टिक्स की कड़ी जांच के ज़रिए, डीआरआई सही व्यापार की आड़ में चल रहे गैर-कानूनी ट्रैफिकिंग नेटवर्क का पता लगाने, उन्हें रोकने और खत्म करने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। डीआरआई भारत की आर्थिक सीमाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा, दोनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।