सूरत में कर्मचारियों को लाखों की गड्डियां देकर हुए वायरल बीकानेर के व्यापारी की कहानी!
Rudra News Express Bikaner-Surat.
एक मध्यमवर्गीय दिखने वाला व्यापारी। पास में खड़ी है राजस्थानी पोशाक में सिर ढँककर खड़ी उनकी पत्नी। सामने यूनिफ़ॉर्म वाले महिला-पुरुष कर्मचारियों की कतार लगी है। चांदी की दिखने वाली बड़ी-सी थाली एक सजी-संवरी टेबल पर रखी है। इस थाली में नोटों की नई गड्डियों का ढेर लगा है। इनमें से व्यापारी प्रत्येक कर्मचारी को 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपए के नोटों की गड्डियां थमा रहा है। हर एक के हिस्से में लगभग एक लाख रुपए आ रहे हैं। कई कर्मचारी इतने भावुक हो जाते हैं कि उनकी आँखों से आंसू निकल आते हैं। ये उन्हें थपथपा कर स्नेह भी देते हैं। कहते हैं "आप मेरे लिए इतना करते हैं। मैं भी हमेशा आपके लिए सहयोग को तैयार रहूंगा।"
यह वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है। Rudra News Express ने जब इसकी पड़ताल की तो कई चौंकाने वाली सुखद बातें सामने आई। पहली बात यह है कि वीडियो फेक या फर्जी नहीं है बल्कि वास्तविक घटना है। दूसरी बड़ी बात कि ये व्यापारी राजस्थान के बीकानेर जिले के एक छोटे से गांव से निकले छोटे किसान परिवार के सदस्य हैं। सूरत जाकर नौकरी करते हुए उन्होंने खुद का कपड़े का कारोबार जमाया और आज "महादेव क्लॉथ स्टोर" के नाम से अच्छा कारोबार कर रहे हैं। तीसरी खास बात यह है कि अपने कर्मचारियों से इस कदर स्नेह रखते हैं कि उनके सुख-दुख में साथ रहते हैं।
जानिए कौन है रामस्वरूप मूण्ड, कैसे बने व्यापारी :
Rudra News Express से बातचीत में रामस्वरूप मूण्ड ने बताया कि वे बीकानेर जिले के रानीसर गांव निवासी है। गांव में खेती है लेकिन राजस्थान में पानी, संसाधनों की कमी के चलते गुजारे लायक कमाई भी नहीं होती थी। हम तीन भाई है और पिताजी का नाम लक्ष्मणराम जी है। मुश्किल वक्त में बड़े भाई ने सूरत आकर नौकरी की। बाद में मुझे बुलाकर काम लगाया। शुरुआत में कोरियर का काम किया। बाद में कपड़े का व्यापार किया। अब सभी के सहयोग से व्यापार चल रहा है। तीनों भाइयों का संयुक्त परिवार हैं। बड़े भाई देवता समान है।
कर्मचारियों को इतना बोनस देने की वजह :
रामस्वरूप कहते हैं, मैने भी नौकरी की है। मैं कर्मचारी का दुख-दर्द समझता हूँ। कर्मचारी संस्थान या मालिक के लिए अपने परिवार और बाकी प्रथमिकताएं छोड़ काम करते हैं। ऐसे में उनकी खुशी हमारी जिम्मेदारी है। हो सकता है मुनाफा कुछ कम हो जाए लेकिन खुशियों में भागीदारी जरूरी है।
तीन भाइयों का संयुक्त परिवार, दो रहते हैं गांव में :
रामस्वरूप बताते हैं, हम तीन भाई है। संयुक्त परिवार है। पहले बड़े भाई भी सूरत में रहते थे, अब वे गांव में रहने लगे। परिवार संयुक्त है। इसके बावजूद भलाई का जो भी काम होता है, उसमें अगर मैने कोई निर्णय ले लिया तो दूसरे भाई और परिवार के सदस्य मना नहीं करते।
क्या कहते है गांव वाले ;
रानीसर गांव के नवनिर्वाचित सरपंच लालीदेवी के प्रतिनिधि कहते हैं, गांव के एक व्यक्ति इतना अच्छा काम करते हैं, यह जानकार सभी को खुशी और गर्व होता है। गांव में इस परिवार की अच्छी साख है। दुकान है। खेती है जिसमें कुआ भी है। इस दिनों इनका वीडियो देखकर गांव वाले काफी खुश हैं।