{"vars":{"id": "127470:4976"}}

ये अच्छी बात नहीं : सेल्फी लेती छात्रा 50 फीट गहरी खाई में गिरी छात्रा, भीड़ वीडियो बनाती रही!

 

Rudra News Express Hisar-Hansi. 

हरियाणा के हांसी स्थित ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले पर बुधवार शाम एक छात्रा सेल्फी लेते समय करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। छात्रा के गिरने के बाद मौके पर 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन आरोप है कि काफी देर तक कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। आखिरकार पतंग उड़ा रहे बच्चों ने पास की पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी, जिसके बाद होमगार्ड मौके पर पहुंचा और घायल छात्रा को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पतंग उड़ा रहे बच्चों ने देखा छात्रा को गिरते : 

पुलिस के अनुसार गांव सोरखी निवासी 20 वर्षीय अंजलि हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह हांसी किले पर पहुंची थी। इसी दौरान किले के ऊपर पतंग उड़ा रहे बच्चों ने उसे आमटी तालाब की तरफ गहरी ढलान में गिरते देखा। बच्चों ने छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनी और शोर मचा दिया।

100 से ज्यादा लोग जुटे, मदद के लिए नहीं बढ़े : 

शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। होमगार्ड राजेश के मुताबिक, करीब 100 लोग वहां जमा थे। छात्रा खाई में खून से लथपथ पड़ी थी, लेकिन शुरुआत में लोग उसे उठाने के लिए आगे नहीं आए। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। बच्चों ने स्थिति देख किला बाजार चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

होमगार्ड ने खाई में उतरकर छात्रा को निकाला : 

सूचना मिलते ही होमगार्ड राजेश अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। छात्रा करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरी हुई थी। होमगार्ड ने उसे उठाकर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बाद में कुछ अन्य लोगों ने भी मदद की।

गले और बाजू में गंभीर चोटें : 

घायल अंजलि को हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। उसके गले, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। पुलिस ने गार्ड के हवाले से बताया कि छात्रा अकेली किले पर आई थी। उसका बैग और चुन्नी किले के ऊपर मिले हैं। पुलिस छात्रा के किले पर पहुंचने और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच कर रही है।

रोज शाम 5:30 बजे घर लौटती : 

पुलिस ने गांव सोरखी के सरपंच के माध्यम से छात्रा के परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के अनुसार अंजलि रोजाना शाम करीब 5 से 5:30 बजे तक घर लौट आती थी, लेकिन बुधवार को उसके किले से गिरने की सूचना मिली। अंजलि के पिता सतबीर कबाड़ी का काम करते हैं। उसका छोटा भाई हांसी के राजकीय महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।