अलवर में सफाई कर्मी भर्ती पर फिर बवाल, नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों को नहीं मिली जॉइनिंग
RNE Network.
अलवर सफाई कर्मियों की भर्ती का मामला फिर गर्मा गया है। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा के धरने के बाद भी सफाई कर्मियों को राहत नहीं मिली। जिन पांच सफाई कर्मियों को बुधवार को मंत्री शर्मा ने नियुक्ति पत्र वितरित किये थे, वे जब गुरुवार को जॉइनिंग के लिए पहुंचे तो, नगर निगम कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं मिला।
इसके विरोध में सफाई कर्मियों ने नगर निगम परिसर में धरना - प्रदर्शन शुरू कर दिया। शाम करीब 4 बजे आयुक्त सोहन सिंह नरुका व एडीएम सिटी अंबा लाल मीणा निगम पहुंचे, लेकिन वे भी काफी देर तक बन्द कमरे में चर्चा करते रहे। बाहर सफाईकर्मी धरना देते रहे। देर शाम तक धरना जारी रहा।
इधर, सफाई कर्मचारी भर्ती 2012 के अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच के बाद नियुक्ति पत्र तैयार करवाने के लिए कलेक्टर ने एडीएम सिटी की अध्यक्षता में टीम बनाई।
शाम को टीम नगर निगम पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। 16 अगस्त से पहले सभी दस्तावेज की जांच की जानी है। ऐसे में चुनोती है कि दो दिन में यह कार्य कैसे होगा।
यह कहना है अधिकारी का:
नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरुका का कहना है कि एक एक दस्तावेज की जांच करना आसान नहीं है, थोड़ा समय लगता है। अभ्यर्थियों को धैर्य रखना चाहिए था। हम दस्तावेजों की जांच तेजी से करवा रहे हैं। नगर निगम की कहीं पर भी लापरवाही नहीं रही है। लगाए गए आरोपी निराधार हैं।