VB-G RAM G: सरकार ने आमजन, विशेषज्ञों और राज्यों से मांगे सुझाव, 21 जुलाई तक भेज सकेंगे प्रस्ताव
ग्रामीण रोजगार पर बड़ा कदम : वीबी-जी राम जी मिशन के मसौदा नियम जारी
RNE Bikaner.
केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए “विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी-जी राम जी)” के मसौदा नियम जारी कर दिए हैं। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी मिशन के प्रारूप पर आम नागरिकों, विषय विशेषज्ञों, सिविल सोसाइटी संगठनों और राज्य सरकारों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। सुझाव भेजने की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
भाजपा बीकानेर देहात के वीबी-जी राम जी जनजागरण अभियान प्रभारी डॉ. अशोक कुमार भाटी ने बताया कि प्राप्त सुझावों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा जरूरी और व्यवहारिक सुझावों को अधिनियम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, आजीविका को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर गांवों की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
डॉ. भाटी ने आमजन से अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े लोग, सामाजिक संगठन, शिक्षाविद और विशेषज्ञ अपने सुझाव ई-मेल अथवा डाक के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएं, ताकि कानून को जमीनी जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की भूमिका सबसे अहम है और यह मिशन गांवों में रोजगार, कौशल और स्वरोजगार के नए आयाम खोल सकता है।