{"vars":{"id": "127470:4976"}}

CEC के खिलाफ 8 घंटे धरना, भारी पुलिस बल ने नेताओं को धरनास्थल से हटाया; प्रियंका गांधी किंग्सवे कैंप के गेट पर चढ़ीं

 

 

Rudra News Express New Delhi.

 

नई दिल्ली। SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन ने मंगलवार रात नया मोड़ ले लिया। संसद से निकले ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ के बाद आकाशवाणी भवन परिसर में करीब 8 घंटे से धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं को भारी पुलिस बल ने धरनास्थल से हटाकर हिरासत में ले लिया। नेताओं को बसों में बैठाकर अलग-अलग पुलिस केंद्रों की ओर ले जाया गया।

 

260 हिरासत में, 10 सांसद भी शामिल :

 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कुल 260 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें 10 सांसद भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को बार-बार वहां से हटने की अपील की गई, लेकिन वे धरने पर बैठे रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

राहुल-प्रियंका को पुलिस ने हटाया :

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे थे। पुलिस के साथ बातचीत के बाद भी जब वे वहां से नहीं हटे तो सुरक्षा बलों ने दोनों समेत अन्य नेताओं को वहां से हटाया और हिरासत में लेकर बसों में बैठाया। राहुल गांधी पहले पुलिस बैरिकेड पर चढ़े और तिरंगा लहराते भी नजर आए थे।

प्रियंका गांधी किंग्सवे कैंप के गेट पर चढ़ीं :

हिरासत में लिए गए नेताओं को किंग्सवे कैंप ले जाए जाने के बाद वहां भी माहौल गरमा गया। प्रियंका गांधी किंग्सवे कैंप के गेट पर चढ़ीं और गेट खोलने की कोशिश की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों की भीड़ भी परिसर के बाहर जुट गई।

संसद से निकला मार्च, पुलिस ने रास्ता रोका :

मंगलवार सुबह विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार से ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ शुरू किया था। मार्च का लक्ष्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना था। रास्ते में दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया और उन्हें बसों में ले जाया गया।

राहुल बोले—CEC से मिले बिना नहीं जाएंगे :

पुलिस कार्रवाई से पहले राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिले बिना वहां से नहीं जाएंगे। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग SIR और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर विपक्ष को जवाब नहीं दे रहा है। वहीं चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि नेताओं ने आयोग से मिलने के लिए औपचारिक अनुरोध नहीं किया था।

दिल्ली में दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा :

सुबह संसद से मार्च, रास्ते में बैरिकेडिंग, राहुल गांधी का बैरिकेड पर चढ़ना, आकाशवाणी भवन में राहुल-प्रियंका का धरना और फिर भारी पुलिस बल की कार्रवाई—दिनभर चले घटनाक्रम के बाद देर शाम विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप पहुंचाया गया। CEC के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन अब हिरासत और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। दिल्ली में प्रदर्शन स्थल से लेकर किंग्सवे कैंप तक सियासी और सुरक्षा हलचल बनी हुई है।