Arjunram Meghwal को देवनानी ने विधानसभा आने का न्यौता दिया, राजस्थान के विषयों पर चर्चा
Rudra News Express Jaipur-New Delhi.
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से नई दिल्ली में के. कामराज मार्ग स्थित उनके राजकीय निवास पर भेंट की। इस दौरान दोनों ने राजस्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। देवनानी ने श्री मेघवाल से संसदीय एवं विधायी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाये जाने पर भी विचार-विमर्श किया।
विधान सभा आने का निमंत्रण :
विधानसभा अध्यक्ष ने अर्जुन राम मेघवाल को राजस्थान विधानसभा में विगत वर्षों में किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों के बारे में भी बताया। इस अवसर पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को राजस्थान विधानसभा आने का निमंत्रण दिया।
संविधान दीर्घा की जानकारी :
देवनानी ने राजस्थान विधानसभा के राजनीतिक आख्यान संग्रहालय में बनाई गई संविधान दीर्घा की भी विस्तार से जानकारी दी। श्री देवनानी ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि संविधान दीर्घा के माध्यम से विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय में देश के संविधान की निर्माण यात्रा, उसके ऐतिहासिक महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। देश-विदेश से आने वाले विभिन्न प्रतिनिधि मण्डल सहित राज्य के विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं संग्रहालय का अवलोकन कर रहे है।