Fire in Delhi : बाल्मीकि बस्ती में भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर राख, भाजपा नेता पहुंचे मौके पर
RNE Network.
राजधानी दिल्ली के तकिया काले खां इलाके में मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित बाल्मीकि बस्ती की कई झुग्गियों में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना रात करीब 11:22 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 24 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल कर्मियों को भी तैनात किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद झुग्गियों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आज सुबह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ क्षेत्रीय सांसद प्रवीन खंडेलवाल पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और उन्हें राहत में सहयोग का आश्वासन दिया।
फिलहाल स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना में कई झुग्गियां जलकर राख हो गईं, लेकिन समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।