Bikaner House में प्रियंका के बेटे रेहान की प्रदर्शनी पर ‘कैंची’, 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने पर बवाल!
Rudra News Express New Delhi.
"No Idea is Final" दिल्ली के बीकानेर हाउस में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के फोटोग्राफर बेटे रेहान वाड्रा ने इसी टाइटल के साथ फोटो प्रदर्शनी लगाई। लगभग 100 फोटो प्रदर्शनी में शामिल किये। अचानक बीकानेर हाउस प्रशासन ने इनमें से 70 फोटो हटाने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद बवाल मच गया। रेहान भड़क उठे। प्रियंका भी बोली-लगता है देश में लोकतंत्र रहा ही नहीं।
जानिए क्या है मामला :
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान ने बीकानेर हाउस में फोटो प्रदर्शनी लगाई। रेहान के मुताबिक बुधवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बताया गया कि अगर तस्वीरें शाम पांच बजे तक नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। रेहान ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और प्रारूप बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ काफी पहले साझा कर दिया था, इसके बावजूद प्रशासन ने कई तस्वीरें हटा दीं।
विरोध प्रदर्शनों की 70 से अधिक तस्वीरें हटाई :
बकौल रेहान,वन्यजीवन, अमूर्त कला के साथ ही युवाओं के हालिया प्रदर्शनों की तस्वीरें समेत 100 से अधिक तस्वीरें प्रदर्शनी में लगाई गई थी। इनमें से 70 से अधिक तस्वीरें हटा दी गई हैं और महज 40 तस्वीरें रखी गई। रेहान का कहना है, हटाई गई तस्वीरों में किसी तरह का राजनीतिक संदेश नहीं था। वे पिछले छह महीने के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शनों का डॉक्युमेंटेशन था। 'एक भारतीय कलाकार के तौर पर मुझे लगा कि जो कुछ हो रहा है, उसका दस्तावेजीकरण करना मेरा कर्तव्य है। वे कलाकारों के काम को सेंसर कर रहे हैं। मुझे नहीं पता कि वे किस बात से डरे हुए हैं। उन्होंने भारतीय ध्वज की तस्वीर तक हटा दी।'
प्रियंका गांधी भड़की :
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बीकानेर हाउस की ओर से तस्वीरें हटाए जाने पर आपत्ति जताई। कहा, 'मुझे लगता है कि यह हास्यास्पद है। वे देशभर के युवाओं की आवाज को दबा रहे हैं। इसलिए यह स्वाभाविक ही है कि वे किसी के साथ भी ऐसा करेंगे। विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी रेहान की तस्वीरों में न तो कोई टिप्पणी थी और न ही किसी के खिलाफ कुछ अपमानजनक था। वे सिर्फ विरोध-प्रदर्शन का दृश्य के जरिये किया गया दस्तावेजीकरण थीं। अब लोकतंत्र नहीं रहा। आज यह उसके साथ हुआ है, कल किसी और कलाकार के साथ होगा।'
बीकानेर हाउस की ओर से आया स्पष्टीकरण :
दूसरी ओर बीकानेर हाउस प्रशासन ने “नो आइडिया इज़ फाइनल” के संबंध स्पष्टीकरण दिया है। कहा है, रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी के एक भाग के रूप में प्रदर्शित कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी की नीति के अनुरूप नहीं पाई गईं। तदनुसार, उन्हें हटाने का अनुरोध किया गया। जो तस्वीरें सोसाइटी की नीति के अनुरूप थी, उन तस्वीरों का प्रदर्शन जारी रखा गया है। बीकानेर हाउस कला और संस्कृति के संवर्धन के लिए समर्पित एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है। इस हाउस के प्रांगण में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और उससे संबंधित गतिविधियों के लिए बीकानेर हाउस प्रबंधन समिति की नीति का अनुपालन करना आवश्यक है।
कुल मिलकर अब ये प्रदर्शनी भी दिल्ली के प्रदर्शनों से जुड़ गई और इसे हटाने का निर्णय सरकार के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।