Rain in Delhi : यमुना खतरे के निशान से ऊपर, श्मशान घाट डूबा, दाह-संस्कार बंद, रेलवे ब्रिज पर पानी से ट्रेनें रोकी
Sep 5, 2025, 16:10 IST
RNE New Delhi.
दिल्ली में बारिश का प्रकोप गहराता जा रहा है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.31 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.50 मीटर और खतरे के निशान 205.33 मीटर से काफी ऊपर है। यमुना में पानी का यह स्तर जुलाई 2023 के 208.66 मीटर के करीब पहुंच चुका है। बाढ़ के हालात के बीच निगम बोध घाट पानी में डूब गया है। वहां दाह-संस्कार पर रोक लगा दी गई है। पानी कम होने पर ही अंतिम संस्कार दोबारा शुरू किया जा सकेगा।
भारी बारिश से दिल्ली के रिहायशी इलाके और बाजार भी जलमग्न हो गए हैं। खासतौर पर यमुना बाजार और उसके आसपास भारी जलजमाव से यातायात ठप हो गया है। यमुना बाजार, मजनू का टीला, गीता कॉलोनी, मयूर विहार और सिविल लाइंस से अब तक लगभग 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
इतनी भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बैराज से 1,08,232 क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 1,74,150 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,44,478 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
परेशानी बढ़ी, शिविरों में पानी घुसा :
एक ओर जहां बाढ़ के कारण लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा वहीं जिन तम्बूओं में शरण ली वहां भी भर गया। ऐसे में बड़ी तादाद में लोगों को सरकारी स्कूलों में पहुंचाया गया है। बचावकर्मी ट्रैक्टरों-ट्रॉलियों की मदद से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। हालात यह है कि सिविल लाइंस और आसपास क्षेत्रों की दुकानें जलमग्न हो गईं। यहां से लोगों को निकलने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। कई जगह सीवरेज ठप है। कुछ जगह लाइट बंद है।