{"vars":{"id": "127470:4976"}}

राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव में बोले केंद्रीय मंत्री, लोकगीतकारों, संगीतकारों और डिजिटल क्रिएटर्स को भी जोड़ने पर दिया जोर

- दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव शुरू 
- ⁠जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से हो रहा है आयोजन
 
- ⁠दो दिनों के इस सम्मेलन में देशभर से आए विभिन्न भाषाओं के लेखक, कवि, विचारक अपने अपने विचार और रचनाएँ साझा करेंगे 
- ⁠

RNE Bikaner

नई दिल्ली जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय  राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का बृहस्पतिवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में शुभारंभ हुआ। दूसरी बार  आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग की सदस्य जोराम आन्या, पद्मश्री चामू कृष्ण शास्त्री और मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा सहित मंचासीन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय साहित्यकार, लेखक, शोधकर्ता और भाषा विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
 

केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि जनजातीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण के लिए उनके साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और मौखिक परंपराओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण जरूरी है। इस काम में केवल साहित्यकारों को ही नहीं, बल्कि गीतकारों, संगीतकारों, लोक कलाकारों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को भी शामिल करना होगा। उन्होंने कहा कि कई जनजातीय भाषाओं की अपनी लिपि नहीं है और कुछ बोलियां विलुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में लिपि के अभाव को दस्तावेजीकरण में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उपलब्ध भारतीय भाषाओं के माध्यम से भी इनकी मौखिक परंपराओं को संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने जनजातीय भाषाओं के लेखकों के लिए विशेष पुरस्कार देने की बात भी कही. 
राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि जनजातीय समाज की मौखिक परंपरा में लोककथाएं, लोकगीत, वीरगाथाएं, मिथक, कहावतें, पहेलियां, धार्मिक अनुष्ठान और प्रार्थनाएं शामिल हैं। इनका संरक्षण जरूरी है। उन्होंने जनजातीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके संघर्षों को साहित्य के माध्यम से सबके सामने लाने पर जोर दिया।
पद्मश्री चामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत की भाषाई विविधता उसकी एकता की ताकत है। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में मातृभाषाएं और बोलियां हैं। किसी भाषा के विकास के लिए उसका बोलचाल, साहित्य, शिक्षा और तकनीक में इस्तेमाल जरूरी है। उन्होंने लेखकों से भाषाओं को समृद्ध बनाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया। आगे उन्होंने कहा कि भारत में कभी भी कोई भाषा विवाद नहीं रहा है, भाषा विवाद अंग्रेजों की देन है। 
नीति आयोग की सदस्य  जोराम आन्या ने कहा कि जनजातीय साहित्य का बड़ा हिस्सा लोकगीतों, लोरियों और कहानियों के रूप में पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा है। अब जनजातीय समाज के लोग स्वयं अपनी कहानी और इतिहास लिख रहे हैं। उन्होंने बुजुर्गों के मौखिक ज्ञान को ऑडियो-वीडियो और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दर्ज करने तथा अनुवाद में मूल भाव और सांस्कृतिक संदर्भों को बनाए रखने की जरूरत बताई। आगे उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की चेतना को आगे ले जाने का दायित्व नई पीढ़ी पर है।  
मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने कहा कि यह महोत्सव जनजातीय लेखकों और प्रकाशकों को मंच देने के साथ वरिष्ठ और युवा साहित्यकारों के बीच संवाद का अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। देश में 800 से अधिक जनजातीय समुदायों की भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मौखिक परंपराओं के लुप्त होने से पहले उनका दस्तावेजीकरण किया जाना चाहिए। महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखना है।
अपने स्वागत वक्तव्य में मंत्रालय के सयुंक्त सचिव अनंत प्रकाश पांडेय ने कहा कि हमें जनजातियों के ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलानी है और इसके लिए नए और युवा जनजातीय लेखकों को एक पुल का काम करना होगा. इस महोत्सव के जरिए जनजातीय विरासत वर्तमान समाज के सामने आएगी और  वे उसके साथ सहज ही तारतम्य बना पायेंगे।
महोत्सव का पहला सत्र जनजातीय साहित्य: सामुदायिक स्मृति से समकालीन अभिव्यक्ति तक विषय पर था जिसकी अध्यक्षता  अनिल कुमार बोरो
ने की. इस सत्र में जनजातीय साहित्य को मौखिक परंपराओं, सामुदायिक ज्ञान प्रणालियों, प्रदर्शन, सांस्कृतिक स्मृति और समकालीन साहित्यिक रचनात्मकता की  निरंतरता पर विचार किया गया. इस सत्र में  के.वासमल्ली ने  टोड समुदाय  दमयंती बेसरा ने संताली और  धर्मेंद्र पारे ने अपने विचार रखे. 
दूसरा सत्र आदिवासी कवियों  के कविता पाठ का था जिसमें 
विभिन्न आदिवासी भाषाओं के कवियों द्वारा कविता पाठ किया गया. इसका समन्वय  कांजी पटेल ने किया और  यशोदा मुर्मू(संताली),
 जोमिर जिनी (गालो),
स्नेहलता नेगी(किन्नौरी) और 
पार्वती तिर्की(कुड़ुख) ने अपनी कविताएँ प्रस्तुत की.
आज का  अंतिम  सत्र जनजातीय लोककथाएँ: गीत, मिथक, कहानियाँ, कहावतें और मौखिक कथाएँ पर था जिसका  समन्वय सिल्वेनस लामेट ने किया और  लिसा लोमडक,अनुज मोहन प्रधान तथा  स्वाति आनंद ने अपने विचार व्यक्त किए. 
इस सत्र में जनजातीय मौखिक परंपराओं की विविधता पर  विचार  किया गया, जिसमें गीत, अनुष्ठानिक गीत, मिथक, किंवदंतियाँ, लोककथाएँ, कहावतें, पहेलियाँ, बच्चों की परंपराएँ, मौसमी कथाएँ और महिलाओं की मौखिक परंपराएँ आदि शामिल हैं।