{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Modi सरकार के 12 साल : Arjunram Meghwal ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- विकसित भारत का सपना होगा साकार

 

RNE Bikaner. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा बीकानेर देहात द्वारा रविवार को "विश्वास के 12 साल, विकास के 12 साल, जनकल्याण के 12 साल एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन" का आयोजन किया गया। भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को जमीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, शौचालय, नल से जल, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी : 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, वंदे भारत ट्रेन, आधुनिक आधारभूत ढांचे का निर्माण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जैसी पहलों ने भारत को नई पहचान दी है।

जी-20 की सफल मेजबानी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।

ऐतिहासिक फैसलों का किया उल्लेख : 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई ने कहा कि मोदी सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित की है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, राम मंदिर निर्माण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े निर्णयों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

वहीं विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं ने युवाओं, कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े वर्गों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।

कार्यकर्ताओं का सम्मान और संदेश : 

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि मोदी सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में नियुक्त पदाधिकारियों—प्रदेश महामंत्री भंवरलाल जांगिड़, प्रदेश संयोजक अशोक भाटी, प्रदेश प्रवक्ता महावीर चारण एवं मुरलीधर सैन का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

ये रहे मौजूद : 

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जालम सिंह भाटी, कुम्भनाथ सिद्ध, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, तोलाराम कूकना, कैलाश विश्नोई, जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, जसवंत दहिया, मोहन ढाल, मंत्री भरत सुथार, राजाराम ओझा, सोशल मीडिया संयोजक पवन स्वामी, महेंद्र ढाका, रतन सिंह, मानमल शर्मा, सी.आर. चौधरी, सुरेंद्र स्वामी, पूराराम ढाका, निशु लिंबा, श्रवण प्रजापत, अशोक सेन, कोजूराम सारस्वत सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।