भाजपा प्रदेश कार्यालय में तबादला चाहने वालों की भीड़, 24 हजार आवेदन पहुंचे
RNE Network.
तबादला प्रक्रिया के मध्य भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी इन दिनों तबादला चाहने वालों का मेला लगा हुआ है। लोग बड़ी उम्मीद के साथ प्रदेश कार्यालय में तबादला आवेदन जमा करवा रहे हैं।
पदाधिकारियों, कार्यकर्ता और जन प्रतिनिधियों की अनुशंषा के साथ अब तक करीब 24 हजार तबादला आवेदन प्रदेश कार्यालय में ऑनलाइन व ऑफलाइन पहुंच चुके हैं। जिनमें सबसे अधिक आवेदन शिक्षा विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के है। कुल आवेदनों में से ज्यादातर आवेदन ऐसे हैं जो भाजपा पदाधिकारियों व जन प्रतिनिधियों की सिफारिश के साथ आये हैं।
प्रदेश कार्यालय ने इन आवेदनों का वर्गीकरण करके सम्बंधित विभागों व मंत्रियो तक पहुंचाया है। कुछ मंत्रियों को कार्यालय बुलाकर भी सूची सौंपी गई है। ताकि पात्र मामलो पर प्राथमिकता से विचार किया जा सके। इस प्रक्रिया की मॉनिटरिंग का जिम्मा मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सेनी और कैलाश मेघवाल के पास है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्षों की तरफ से आने वाले आवेदनों की अलग सूची तैयार की जा रही है। यह सूची सीधे मंत्रियों तक भेजी जा रही है। इससे प्रदेश कार्यालय व जिला संगठन, दोनों स्तरों पर तबादला आवेदन एकत्रित करने की सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं।