पेपर लीक पर फिर गरमाया आंदोलन, दिपके बोले, आज भी संसद मार्च करेंगे, आंदोलन जारी
RNE Network.
कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से पेपर लीक के विरोध व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन आज से फिर आरम्भ हो गया है। छात्र प्रदर्शन के लिए फिर जुट गए हैं और वे आज फिर संसद तक मार्च करेंगे।
कल, सीजेपी के आव्हान पर बड़ी संख्या में देशभर से लोग दिल्ली पहुंचे थे। पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी छात्रों को मार्च से रोका नहीं जा सका। अनेक बार पुलिस व अर्ध सैनिक बल को लाठियां भी भांजनी पड़ी। टकराहट में कई छात्र - छात्राएं, कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
सीजेपी के जंतर मंतर पर बने मंच को तोड़कर हटा दिया गया। मगर आज सुबह सीजेपी कार्यकर्ताओ ने फिर से मंच बना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्र - छात्राएं भी वहां जुटने लग गए हैं। समर्थकों ने दुबारा मंच खड़ा कर लिया है।
आज भी होगा संसद मार्च:
कल की बड़ी उथल पुथल के बाद भी छात्र दिल्ली में जुटे हुए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दिपके ने कहा है कि आज भी संसद मार्च करेंगे। उनका कहना था कि जे पी नड्डा से मिलना समय की बर्बादी था। उनका कहना था कि अब हम नहीं जाएंगे, वे खुद आये यहां।
वांगचुक का अनशन जारी:
सफदरजंग अस्पताल से जारी एक हस्तलिखित बयान में सोनम वांगचुक ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, उसे देखते हुए मैंने अपना उपवास तब तक जारी रखने का फैसला किया है जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने नहीं दिया जाता। या फिर मुझे अस्पताल में उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिलती।