{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Annamalai Quits BJP : Tamilnadu भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर,  नई राजनीतिक पारी की अटकलें

 

RNE Chennai-New Delhi. 

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई के इस फैसले को तमिलनाडु की राजनीति में बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया फैसला : 

अन्नामलाई ने इस्तीफा देने से पहले नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ने के कारणों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से भाजपा से अलग होने का निर्णय लिया। अन्नामलाई पिछले कुछ समय से संगठन में अपनी भूमिका और भविष्य को लेकर असंतुष्ट थे। हालांकि पार्टी और अन्नामलाई के बीच अलगाव पूरी तरह सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ है।

क्या बनाएंगे नई पार्टी?

अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा। राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक वे अपनी संस्था "वी द लीडर्स" को एक राजनीतिक मंच का रूप दे सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि अन्नामलाई नई पार्टी बनाते हैं तो तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।

भाजपा में तेजी से उभरे थे अन्नामलाई : 

41 वर्षीय अन्नामलाई ने आईपीएस सेवा छोड़कर वर्ष 2021 में भाजपा जॉइन की थी। अपनी आक्रामक राजनीतिक शैली और जनसंपर्क अभियानों के कारण वे जल्द ही तमिलनाडु भाजपा का प्रमुख चेहरा बन गए। उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में अपनी पकड़ मजबूत की। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां भाजपा का वोट शेयर करीब 3.66 प्रतिशत था, वहीं 2024 तक यह बढ़कर लगभग 11 प्रतिशत तक पहुंच गया। पार्टी के विस्तार में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता है।

तमिलनाडु की राजनीति में बढ़ी हलचल : 

अन्नामलाई के इस्तीफे ने तमिलनाडु की राजनीतिक फिजा को गर्मा दिया है। भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, वहीं विपक्षी दल भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी की निगाहें अन्नामलाई के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हैं, जो राज्य की राजनीति की दिशा बदल सकता है।