{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Ashok Gehlot को खास जिम्मेदारी :  वोट चोरी मुद्दे पर रणनीति बनाने वाली टीम का हिस्सा बने, 05 पूर्व सीएम शामिल!

 

जनरंजन : मधु आचार्य 'आशावादी '

एक नवम्बर को दिल्ली में कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन की वोट चोरी के खिलाफ राष्ट्रव्यापी रैली आयोजित कर इस बात का साफ संकेत दे दिया कि अब आने वाले राज्यों के लोकसभा के चुनावों में इसे ही विपक्ष की तरफ से बड़ा मुद्दा बनाया जायेगा। विपक्ष के इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा में हलचल बढ़ी है। उसने ने प्रतिकार में सभी जगहों पर रैलियां निकाली। जबकि कांग्रेस का हमला तो चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व चुनाव आयोग पर था।

  • गहलोत सहित 5 पूर्व सीएम को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेवारी
  • वोट चोरी के मुद्दे पर ये नेता बनायेंगे पार्टी की रणनीति
  • चुनावों में वोट चोरी को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में पार्टी
  • गहलोत हुए राज्य में सक्रिय, जानकारों से मुलाकातें

वोट चोरी का मुद्दा अब पूरे देश में गहरा गया है। कांग्रेस ने 1 नवम्बर को विपक्ष के इंडिया गठबंधन की तरफ से दिल्ली में एक राष्ट्रव्यापी रैली आयोजित की। रैली की सफलता के बाद कांग्रेस ने इसे देश का सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर भी काम करना आरम्भ कर दिया है। दिल्ली की इस रैली में कांग्रेस के बाद सबसे बड़ी भागीदारी समाजवादी पार्टी की थी। क्योंकि अब उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव नजदीक ही हैं, वहां सपा का ही भाजपा से सीधा मुकाबला है।

दिल्ली की इस रैली में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी की नेता ममता बनर्जी, एनसीपी शरद की सुप्रिया सुले, राजद के नेता तेजस्वी यादव, वाम दलों के नेता आदि शामिल हुए। वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष पूरी तरह से एकजुट नजर आया।

इस रैली में कांग्रेस ने भी अपने सभी बड़े नेताओं की भागीदारी कराई। सभी राज्यों के प्रमुख नेताओं को बुलाया गया। उसी क्रम में लगभग काफी समय से आलाकमान से दूर चल रहे राज्य के पूर्व सीएम अशोक गहलोत को भी सक्रिय किया गया। हालांकि सचिन पायलट, गोविंद डोटासरा, टीकाराम जुली, दिव्या मदेरणा आदि भी रैली में शामिल थे।

इसके राहुल गांधी ने दीपावली पर अपने निवास पर दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया। उसमें भी गहलोत सहित राज्य के इन सभी नेताओं को बुलाया गया और उनसे गंभीर चर्चा की गई। गहलोत भी उसमें काफी सक्रिय दिखाई दिए।

वोट चोरी पर विपक्ष के खिलाफ भाजपा की भी रैलियां :

कांग्रेस की दिल्ली रैली के प्रतिकार में भाजपा ने भी सभी प्रदेशों में अपने केंद्र के मंत्रियों, राज्य के मुख्य नेताओं व मुख्यमंत्रियों को, सांसदों और विधायकों को उतारा। रैलियां की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार की रैली में शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बिहार की रैली में शामिल हुए। भाजपा ने अपने प्रवक्ताओं को भेजकर प्रमुख शहरों में पीसी करवाई। बस, यहीं से कांग्रेस उत्साहित हो गयी। क्योंकि उसने तो चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। जवाब चुनाव आयोग के स्थान पर जब भाजपा ने देना शुरू किया तो एक संदेह को विपक्ष ने जन्म दे दिया और भाजपा की केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया। पहली बार कांग्रेस अपनी पिच पर भाजपा को खेलने के लिए ले आई। अब कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के त्यागपत्र को बड़ा मुद्दा बना दिया। यदि इस्तीफा होता है या हटाया जाता है तो सीधे भाजपा को जिम्मेदार ठहरा दिया जायेगा।

विपक्ष का अब बड़ा मुद्दा ' वोट चोरी ' :

कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों ने अब देश मे होने वाले सभी विधानसभा चुनावों के लिए वोट चोरी को बड़ा मुद्दा बनाने की रणनीति तय कर ली है। पहले केवल एक सामान्य मुद्दा बना हुआ था ये, मगर बदली राजनीतिक परिस्थितियों में अब ये बड़ा मुद्दा बन गया है और सत्तारूढ़ भाजपा के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया है। चुनाव आयोग की चुप्पी जो पहले रणनीति मानी जा रही थी, वह अब सरकार के गले की हड्डी बन गयी है। माननीय कोर्ट की टिप्पणियों के बाद तो यह जनता की भी रुची का विषय बन गया है।

गहलोत सहित 5 पूर्व सीएम को बड़ी जिम्मेदारी :

कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर रणनीति बनाने के लिए अपने 5 बड़े नेताओं को जिम्मेवारी भी दी है। इन 5 नेताओं में राज्य के पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी शामिल है। पिछले काफी समय से गहलोत व आलाकमान के बीच पहले जैसी नजदीकियां नहीं है, मगर अब इस मुद्दे के माध्यम से गहलोत को एक बार फिर से दिल्ली दरबार मे अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर मिल गया है।

कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर रणनीति बनाने के लिए अपने 5 पूर्व मुख्यमंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ये है, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत व मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह। ये पांचों नेता अब इस मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति बनायेंगे। नई जिम्मेदारी मिलते ही अब गहलोत सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने मेल मुलाकातें तो शुरू की ही है, साथ में बयानों व पीसी से भी वोट चोरी पर भाजपा, पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व चुनाव आयोग को घेरना आरम्भ कर दिया है।