{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner BJP : आधी रात को बाड़ाबंदी में पहुंचे BJP प्रत्याशी, जेठानंद-महावीर सैनी-राजेंद्र गहलोत ने संभाली कमान

मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस की कवायद तेज, जीतने वाले पार्षदों को रिजल्ट के बाद अलग जगह ले जाने की तैयार
 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर नगर निगम चुनाव में मतदान खत्म होने के साथ ही अब मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की बिसात बिछने लगी है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों को बाड़ाबंदी में रखना शुरू कर दिया है। दोनों दलों की नजर अब संभावित बहुमत के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी है।

आधी रात को रिसॉर्ट पहुंचे भाजपा प्रत्याशी : 

भाजपा की ओर से एक निर्विरोध पार्षद सहित अधिकांश अधिकृत प्रत्याशियों को जयपुर-जोधपुर बाइपास स्थित एक रिसॉर्ट में देर रात पहुंचाया गया। कुछ महिला प्रत्याशी रात में नहीं पहुंच सकीं, उन्हें सुबह रिसॉर्ट लाए जाने की जानकारी है। बाड़ाबंदी में पहुंचे प्रत्याशियों के साथ भाजपा के बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, महावीर सैनी, राजेंद्र गहलोत सहित पार्टी के प्रमुख नेताओं ने कमान संभाली है।

पश्चिम के अधिकांश प्रत्याशी पहुंचे, दो अभी बाहर : 

जानकार सूत्रों के मुताबिक बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश भाजपा प्रत्याशी बाड़ाबंदी में पहुंच चुके हैं। हालांकि दो प्रत्याशियों के अभी बाहर होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि एक प्रत्याशी के निकटस्थ की तबीयत खराब है, जबकि दूसरे के सामने भी आपातकालीन परिस्थिति बताई जा रही है।

पूर्व के कई चेहरे अभी नहीं पहुंचे : 

दूसरी ओर बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कई भाजपा प्रत्याशी अभी बाड़ाबंदी में नहीं पहुंचे हैं। इनमें भगवानसिंह मेड़तिया सहित कुछ अन्य नाम बताए जा रहे हैं। पार्टी की ओर से उन्हें भी बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक अभी की बाड़ाबंदी को पार्टी का एक तरह का प्राथमिक 'प्रशिक्षण' बताया जा रहा है। असली रणनीति चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बनेगी। जीतने वाले प्रत्याशियों को परिणाम के बाद अलग स्थान पर ले जाया जा सकता है, जबकि चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों को वापस घर भेज दिया जाएगा।

निर्दलीय भी दोनों दलों के रडार पर : 

इस पूरे सियासी खेल में निर्दलीय प्रत्याशी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बन सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर उन निर्दलीय उम्मीदवारों पर है, जिनके जीतने की संभावना मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार जीत की स्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकने वाले कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों को एक नेता द्वारा अलग स्थान पर रखा गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया यह भी जाता है कि भाजपा के भी दो पार्षद प्रत्याशी एक नेता के यहां मौजूद है वे बाड़ाबंदी में नहीं पहुंचे है। 

मेयर की कुर्सी पर नजर, नामों पर भी बातचीत शुरू : 

फिलहाल यह तय नहीं है कि किस दल के कितने प्रत्याशी जीतेंगे। इसलिए मेयर और डिप्टी मेयर के नाम पर अंतिम फैसला परिणाम के बाद ही होगा। लेकिन पर्दे के पीछे संभावित समीकरणों को लेकर बातचीत शुरू होने की खबरें हैं। मेयर पद के संभावित चेहरों को लेकर भी अलग-अलग स्तर पर वार्ता और सियासी जोड़-तोड़ की सुगबुगाहट सामने आ रही है।