Bikaner Election : 607 नामांकन; 127 पर्चे खारिज, 74 ने नाम वापस लिए, एक सीट पर भाजपा निर्विरोध, 79 वार्डों की जंग, 373 प्रत्याशी मैदान में
Rudra News Express Bikaner.
नगर निगम चुनाव की चुनावी बिसात अब पूरी तरह सज चुकी है। 80 वार्डों वाली बीकानेर नगर निगम में वार्ड 69 का परिणाम मतदान से पहले ही निकल गया, जहां भाजपा की लीला गहलोत निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। अब 79 वार्डों में 373 प्रत्याशी आमने-सामने हैं। 9 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि शहर की सत्ता की चाबी किसके हाथ जाती है।
550 मैदान में उतरे, भाजपा की लीला निर्विरोध :
इस चुनावी सफर की शुरुआत 607 नाम निर्देशन पत्रों से हुई थी। ये नामांकन 550 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए थे। संवीक्षा में 127 नाम निर्देशन पत्र निरस्त हुए और 480 नामांकन पत्र वैध रहे। इसके बाद 448 अभ्यर्थी चुनावी प्रक्रिया में बचे। नाम वापसी के अंतिम दिन 74 अभ्यर्थियों के पीछे हटने के बाद संख्या 374 रह गई। इनमें वार्ड 69 में लीला गहलोत के निर्विरोध निर्वाचन के बाद 373 प्रत्याशी मतदान वाले 79 वार्डों में रह गए।
निर्दलीय-बागियों की भारी भीड़ :
नामांकन के शुरुआती आंकड़े चुनाव की एक और दिलचस्प तस्वीर सामने रखते हैं। 607 नामांकन में 280 निर्दलीय थे। कांग्रेस के 155 और भाजपा के 114 नामांकन आए, जबकि RLP के 33, BSP के 10, CPI(M) के 8 और AAP के 7 दावेदारों ने भी ताल ठोकी। यानी शुरुआत में हर दूसरे से कुछ कम नामांकन निर्दलीयों के थे।
वार्ड 2 सबसे बड़ा अखाड़ा -15 मैदान में :
नामांकन के समय वार्ड 2 में सर्वाधिक 18 नामांकन आए थे। छंटनी और नाम वापसी के बाद यहां 15 प्रत्याशी मुकाबले में हैं। इसके बाद वार्ड 8 में 14, जबकि वार्ड 10 और 62 में 12-12 प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 2 की खासियत यह है कि यहां बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार हैं। इसलिए मुकाबला महज भाजपा-कांग्रेस की सीधी टक्कर नहीं रह गया है। वोटों का बिखराव और स्थानीय प्रत्याशियों की पकड़ यहां नतीजे का रुख तय कर सकती है।
इन 07 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस की सीधी टक्कर :
नाम वापसी के बाद कुछ वार्डों में मुकाबला बेहद सीमित रह गया है। वार्ड 12, 20, 35, 37, 58, 67 और 68 में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वहीं वार्ड 8, 10, 62, 73 और 80 जैसे वार्डों में प्रमुख दलों के साथ छोटे दलों तथा निर्दलीयों की मौजूदगी मुकाबले को बहुकोणीय बना रही है।
वार्ड 26 में कांग्रेस, वार्ड 30 में भाजपा का पर्चा खारिज, 69 में लीला निर्विरोध :
नामांकन खारिज होने का सीधा राजनीतिक असर भी देखने को मिला। वार्ड 26 में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार का नामांकन निरस्त हुआ, जबकि वार्ड 30 में भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल का पर्चा खारिज हो गया। इससे दोनों वार्डों में मूल मुकाबले का समीकरण बदल गया। सबसे चर्चित मामला वार्ड 69 का रहा। यहां कांग्रेस की ओर से टिकट की दावेदार रहीं ममता सांसी ने RLP प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। पार्टी संबंधी त्रुटि के चलते उनका नामांकन खारिज हुआ और भाजपा की लीला गहलोत निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।
अब 373 की परीक्षा :
607 नामांकन से शुरू हुई दौड़ अब 373 प्रत्याशियों तक पहुंच गई है। लेकिन आंकड़ों से ज्यादा दिलचस्प इसकी राजनीतिक तस्वीर है। एक सीट भाजपा के खाते में मतदान से पहले ही जा चुकी है, सात वार्डों में भाजपा-कांग्रेस की सीधी भिड़ंत है, जबकि कई वार्डों में निर्दलीय और छोटे दल मुकाबले का गणित उलझा रहे हैं। यानी अब बीकानेर में चुनाव प्रत्याशियों की संख्या का नहीं, वोटों के बिखराव और स्थानीय समीकरणों का खेल है। 79 वार्डों में 373 चेहरे हैं और हर सीट पर जीत का रास्ता अलग है।