{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Nagar Nigam : कल आएंगे ऐसे नतीजे, कई दिग्गज रह जाएंगे हैरान! वार्डों में बड़े उलटफेर के संकेत

निर्दलीय कईयों को दिखा देंगे पराजय का मुंह,  कुछ मेयर के दावेदार भी संकट में
 
  • राजा बोहरा

Rudra News Express Bikaner.

कल सोमवार को नगर निगम चुनाव - 2026 के परिणाम सामने आ जाएंगे। 79 पार्षद कौन कौन होंगे, यह पूरी तरह से स्पष्ट हो जायेगा। एक भाजपा का पार्षद पहले ही निर्विरोध चुनाव जीत चुका है। भाजपा को बहुमत लाने के लिए  40 पार्षद चाहिए, वहीं कांग्रेस को बहुमत के लिए 41 पार्षदों की दरकार है।

इस बार अधिकतर वार्डों में पार्षद के लिए कड़ा मुकाबला हो रहा है। निर्दलीय हर वार्ड की फिजा में बदलाव कर चुके जिससे निर्णय को लेकर कोई भी कयास लगाने से बच रहा है। क्योंकि कौनसा निर्दलीय किसे नुकसान और किसे फायदा पहुंचा रहा है, यह तस्वीर साफ नहीं है।

वार्ड संख्या 2 इसका जीता जागता उदाहरण है। यहां भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी सहित कुल 15 उम्मीदवार है। बाद में दो ने रिटायर होने की घोषणा भी की, मगर वो कितनी कारगर रही, यह तो परिणाम ही बतायेगा। यहां सब जीत हार की बात को लेकर एक निष्कर्ष तक नहीं पहुंच रहे हैं। इस तरह की स्थिति अनेक वार्डों में है।

अनेक वार्डों में उलटफेर के आसार : 

Rudra News Express  के 79 वार्ड के सर्वे व ग्राउंड रिपोर्ट से यह निष्कर्ष सामने आया है कि अनेक महत्त्वपूर्ण वार्डों में बड़ा उलटफेर हो रहा है। वोटर ने जोर का झटका कई दिग्गजों को धीरे से दिया है। कई उम्मीदवारों ने अपनी जीत तय मान ली है और उसका इजहार भी करना आरम्भ कर दिया है। जबकि रुद्रा न्यूज एक्सप्रेस के सर्वे में उनको लेकर रिपोर्ट कुछ अलग ही तरह की आई है। उनकी खुशी कल काफूर होती नजर आ रही है। इन अति आत्मविश्वासी उम्मीदवारों ने जीत पर छोड़ने के लिए पटाखे भी मंगवा रखे हैं और मिठाई का आर्डर भी दिया हुआ है। लगता है, ये सब धरे के धरे रह जायेंगे।

24 वार्डों में निर्दलीयों ने बिगाड़ा है खेल, बनाई अनिश्चितता : 

Rudra News Express के सर्वे में यह तथ्य उभर के सामने आया है कि मूल रूप से निर्दलीयों ने खेल बिगाड़ दिया है, बागियों ने ज्यादा क्षति नहीं पहुंचाई है। एक तो उन वार्डों में मतदान प्रतिशत कम हुआ है और दूसरे उसमें निर्दलीयों ने भी वोट लिए है, जाहिर है उससे पार्टियों के उम्मीदवारों को बड़ी क्षति पहुंची है। रुद्रा न्यूज एक्सप्रेस के सर्वे में इस तरह के 24 वार्ड सामने आए हैं जहां निर्दलीयों ने पार्टियों का खेल बिगाड़ा है। बीकानेर पश्चिम क्षेत्र में ऐसे 11 वार्ड हैं और बीकानेर पूर्व क्षेत्र में ऐसे 13 वार्ड है, जहां बड़ा उलटफेर है जो अभी दिख नहीं रहा, कल परिणाम में सामने आएगा।
 

कई मेयर दावेदार भी संकट में :

रुद्रा न्यूज एक्सप्रेस के सर्वे और ग्राउंड रिपोर्ट से यह कॉमन तथ्य उभर के सामने आया है कि दोनों ही पार्टियों के मेयर के बने दावेदार भी संकट में है। हालांकि उनको दलों ने मेयर दावेदार नहीं बताया, अलबत्ता उन्होंने प्रचार में जरूर यह प्रदर्शित किया कि वे मेयर के दावेदार है। अब उनके वार्ड ही संकट में है।

भाजपा में इस तरह के 4 पार्षद उम्मीदवार जो मेयर प्रोजेक्ट हुए वे संकट में है। जिनमें से 3 बीकानेर पश्चिम के है और 1 बीकानेर पूर्व का। इसी तरह सर्वे में तथ्य सामने आया कि कांग्रेस के 3 मेयर के दावेदार भी पार्षद के लिए ही संकट में है। इनमें से 2 बीकानेर पश्चिम के है और 1 बीकानेर पूर्व क्षेत्र का।

नुकसान के आधार कॉमन :

भाजपा और कांग्रेस में नुकसान के कुछ कारण कॉमन है। दोनों ही दलों में जमकर भीतरघात हुई है। टिकट वितरण से असंतोष का नुकसान हुआ है। बड़े नेताओं की आपसी टकराहट ने भी क्षति पहुंचाई है। इसके अलावा भाजपा के कुछ अपने और कांग्रेस के कुछ अपने नुकसान के भी कारण है।