{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : 79 वार्डों में मतदान, शाम 6 बजे तक 68.20% वोटिंग के प्राथमिक आंकड़े; वार्ड 24 में सबसे ज्यादा 85.17%, वार्ड 12 में सबसे कम 46.76%

 

बीकानेर में वोटिंग के बीच बूथों पर हंगामा, मशीनें बंद, फर्जी वोटिंग पर तकरार

Bikaner : 79 वार्डों में मतदान, शाम 6 बजे तक 68.20% वोटिंग के प्राथमिक आंकड़े; वार्ड 24 में सबसे ज्यादा 85.17%, वार्ड 12 में सबसे कम 46.76%

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर नगर निगम चुनाव में बुधवार को मतदान के दौरान दिनभर बूथों पर हंगामा, तनातनी और विवाद के मामले सामने आते रहे। 80 वार्डों में से एक वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन हो जाने के कारण 79 वार्डों में मतदान हुआ। शाम 6 बजे जारी प्राथमिक आंकड़ों के मुताबिक 68.20 प्रतिशत मतदान हुआ।

विधायक जेठानन्द भिड़े, जगह-जगह तनाव : 

मतदान के दौरान कहीं ईवीएम बंद होने से मतदान रुका तो कहीं फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर प्रत्याशी और समर्थक आमने-सामने आ गए। वार्ड 52 के भाग संख्या 8 स्थित फोर्ट डिस्पेंसरी स्कूल में ईवीएम खराब होने से मतदान रुक गया। मशीन को ठीक करने के लिए टीम मौके पर पहुंची।

तनाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वार्ड संख्या 45 में पहुंचे बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास भी उकसावे के बाद तैश में आकर गाड़ी से उतरकर विवाद में उलझते नजर आए। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला बढ़ने से रोका।

वार्ड 60 में मतदान के आखिरी क्षणों में भाजपा और कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। वहीं वार्ड 62 में भाजपा प्रत्याशी किसन चौधरी फर्जी वोटिंग के आरोप लगाते हुए प्रतिद्वंद्वियों के साथ-साथ पोलिंग पार्टी से भी उलझते नजर आए।

वार्ड 24 में सबसे ज्यादा, वार्ड 12 में सबसे कम : 

वार्डवार मतदान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। वार्ड 24 में सबसे ज्यादा 85.17 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 3,635 मतदाताओं में से 3,096 ने वोट डाला। इसके बाद वार्ड 19 में 82.55 प्रतिशत और वार्ड 23 में 81.39 प्रतिशत मतदान हुआ। 

सबसे कम मतदान वार्ड 12 में 46.76 प्रतिशत** रहा। यहां 5,090 मतदाताओं में से 2,380 ने मतदान किया। वार्ड 34 में 50.53 प्रतिशत और वार्ड 31 में 53.80 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

हंगामे के बीच लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर भी : 

दिनभर विवादों और तनातनी के बीच मतदान केंद्रों से लोकतंत्र को मजबूत करने वाली तस्वीरें भी सामने आईं। बुजुर्ग, युवा, दिव्यांग और बीमार मतदाता भी बूथों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यही तस्वीर चुनावी शोर और विवादों के बीच लोकतांत्रिक उत्साह का संदेश देती नजर आई।