{"vars":{"id": "127470:4976"}}

BJP Bikaner: मिथिलेश गौतम, राजेंद्र गहलोत, ज्योति मिर्धा, मुकेश दधीच कल बीकानेर मे

 


Rudra News Express Bikaner.

निकाय एवं पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बीकानेर में रणनीतिक बैठक बुलाई है। यह अहम बैठक 6 अगस्त को सुबह 10 बजे भाजपा संभाग कार्यालय, बीकानेर में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।

भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, चुनावी रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। साथ ही निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं बीकानेर संभाग प्रभारी डॉ. मिथिलेश गौतम, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई तथा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा संगठन को मार्गदर्शन देंगे।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व एवं वर्तमान जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों, पार्षदों, वार्ड पंचों और बड़ी संख्या में संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी।

भाजपा इस बैठक के जरिए आगामी निकाय और पंचायत चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी करेगी। बैठक को बीकानेर संभाग में भाजपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।