{"vars":{"id": "127470:4976"}}

दियाकुमारी के बजट से राज्य और आमजन के हित के ये बिन्दु तलाश लाए भाजपा नेता!

 

RNE Kolayat-Bikaner.

विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने वाला बजट 2026– अर्जुनराम मेघवाल

केन्द्रीय मंत्री एवं बीकानेर के सांसद अर्जुनराम मेघवाल का कहना है, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री व वित मंत्री दिया कुमारी द्वारा विकसित राजस्थान की कार्ययोजना को ध्यान में रखकर ब्लू प्रिंट के रूप में लोक कल्याणकारी एवं सर्व समावेषी बजट पेश किया है। मेघवाल ने बताया की यह विकसित भारत में विकसित राजस्थान की प्रभावशाली भूमिका के परिप्रेक्ष्य में उद्देश्यों की प्राप्ति एवं भाजपा की डबल इंजन की सरकार की जनसेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाने वाला है। 
युवाओं के लिए रोजगार की गारंटी, महिलाओं को सशक्त बनाने, किसानों को समृद्ध बनाने, स्वास्थ्य को मजबूत करने, युवाओं के लिए अवसरों की उपलब्धता और आधारभूत ढांचे को मजबूती प्रदान करने वाला यह सभी प्रदेशवासियों की आशा आकांक्षाओं को पूरा करने वाला एक भविष्योन्मुखी बजट है। इस बजट में बीकानेर क्षेत्र को भी कई विकास कार्यों की सौगाते मिली है जिसके लिए मेघवाल ने आभार प्रकट किया है। 

 

इस बजट में बीकानेर व जैसलमेर में ₹2900 करोड़ की लागत से 4830 मेगावॉट क्षमता के सौर पार्क विकसित करने का प्रावधान किया गया है जिससे मरु क्षेत्र में ऊर्जा आत्मनिर्भरता आएगी और प्रदेश ऊर्जा समृद्धि की ओर तेज़ी से बढ़ेगा।
 

कृषि व किसान कल्याण की दृष्टि से लगभग 280 करोड़ रु की लागत से पन्नालाल बारूपाल लिफ्ट नहर प्रणाली, कोलायत लिफ्ट नहर प्रणाली, कंवरसेन लिफ्ट नहर प्रणाली व IGNP तथा बरसलपुर शाखा में जीर्णोद्धार, पुनर्निर्माण व आधुनिकीकरण कार्यों की ऐतिहासिक सौगात मिली है। इसके अलावा थार सांस्कृतिक सर्किट के निर्माण से बीकानेर की कला, संस्कृति व परंपराओं को वैश्विक पहचान मिलेगी। सड़क निर्माण तथा संभागीय मुख्यालयों पर Comprehensive Mobility Plan के लागू होने से शहर की फाटकों की समस्या को निश्चित रूप से निजात मिलेगी। इसके अलावा PBM Hospital में Infrastructure सुदृढ़ीकरण का कार्य तथा
मरीजों व उनके परिजनों को ठहरने के लिए अत्याधुनिक विश्रामगृह की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार देशनोक में 24X7 पेयजल उपलब्धता तथा बीकानेर सहित अन्य जिलों में जलापूर्ति हेतु 750 करोड़ रु की घोषणा बीकानेर वासियों के लिए एक अभूतपूर्व सौगात है। विकसित राजस्थान की यात्रा में विकसित बीकानेर की भूमिका को ध्यान में रखकर क्षेत्र के सर्वागींण विकास हेतु जारी किए गए इस लोककल्याणकारी व दूरदर्शी बजट के लिए केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को भी बधाई दी और विश्वास प्रकट किया कि डबल इंजन की सरकार में राजस्थान व बीकानेर विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।

एमएलए अंशुमानसिंह भाटी ने राजस्थान के बजट पर ये कहा!

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को “विकसित राजस्थान @2047” के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों की आशाओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिबिंब है।

विधायक भाटी ने विशेष रूप से कोलायत विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशनोक में 24×7 पेयजल आपूर्ति हेतु ₹750 करोड़ का प्रावधान ऐतिहासिक निर्णय है। इससे माँ करणी की नगरी देशनोक सहित आसपास के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। ग्राम नोखा दैया जलयोजना के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए राशि स्वीकृति भी सराहनीय है।

विधायक भाटी ने कहा कि नहरी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु पन्नालाल बारूपाल लिफ्ट नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार के लिए ₹60 करोड़, कोलायत लिफ्ट नहर प्रणाली के पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं आधुनिकीकरण के लिए ₹50 करोड़, बरसलपुर शाखा नहर प्रणाली की भुर्जी संख्या 0 से 114 तक 24,067 हेक्टेयर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त खालों के जीर्णोद्धार हेतु ₹108 करोड़ तथा इंदिरा गांधी मुख्य नहर की बुर्जी 860 से 961 के मध्य 9,476 हेक्टेयर क्षेत्र में सीधे माइनर एवं मोघों के जीर्णोद्धार हेतु ₹48 करोड़ की घोषणा को भाटी ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विधायक भाटी ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र गुड़ा को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में क्रमोन्नत करना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा। ग्राम बीकोलाई में सौर पार्क निर्माण तथा थार सांस्कृतिक सर्किट की परिकल्पना से क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन एवं आवागमन सुविधाओं का विस्तार होगा।

भाटी ने कहा कि बीकानेर एवं जैसलमेर में ₹2900 करोड़ की लागत से 4830 मेगावॉट क्षमता के सौर पार्कों की स्थापना मरुधरा में ऊर्जा क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगी। किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति, नए जीएसएस की स्थापना एवं विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

थार सांस्कृतिक सर्किट को ऐतिहासिक पहल बताते हुए भाटी कहा कि थार मरुभूमि केवल रेत का विस्तार नहीं, बल्कि समृद्ध लोक-संस्कृति, आस्था, वीरता और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत केंद्र है। प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को समेकित पर्यटन श्रृंखला में विकसित करने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ होगा।

युवाओं के लिए ₹10 लाख तक के स्वरोजगार ऋण, 30,000 युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ, मेधावी विद्यार्थियों हेतु ई-वाउचर, 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा तथा ‘राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी’ के गठन को उन्होंने युवाशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक पहल बताया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ₹32,526 करोड़ का प्रावधान, जल जीवन मिशन का विस्तार, ग्रामीण महिला बीपीओ की स्थापना, अटल प्रगति पथ, लॉजिस्टिक पार्क एवं अधोसंरचना विकास की योजनाओं को विधायक भाटी ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला बताया।

विधायक भाटी ने कहा कि सरकार ने संकल्प पत्र की 392 घोषणाओं में से 282 को दो वर्षों में पूर्ण कर जनविश्वास को सुदृढ़ किया है। यह बजट किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग एवं वंचित वर्ग के समग्र सशक्तीकरण का ठोस दस्तावेज है।

आत्मनिर्भर और विकसित भारत निर्माण को संकल्पित सर्वोदयी बजट - डॉ. आचार्य

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने रविवार को वित्तमंत्री द्वारा संसद में प्रस्तुत बजट को 'अंत्योदय से सर्वोदय' की भावना से ओतप्रोत तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत निर्माण के लिए संकल्पित पूर्ण दस्तावेज बताया है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक एम्स  संस्थानों की स्थापना और आयुर्वेदिक उत्पादों के एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलने से पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति और चिकित्सा पद्धति का परचम लहराएगा।  
ग्रामीण महिलाओं की अगुवाई में उद्योगों के लिए शी मार्ट की स्थापना, भारतीय काजू और कोको प्रोसेसिंग में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम, कैंसर की अत्यधिक महंगी दवाओं पर टैक्स कम करने, आधुनिक फ्रेट कॉरिडोर बनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और ऊर्जा सुरक्षा के लिए बैटरी तकनीक को सस्ता बनाने, उच्च शिक्षा और विशेषकर STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित) विषयों में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए देश के प्रत्येक जिले में एक बालिका छात्रावास स्थापित करने की पहल अत्यंत स्वागत योग्य है।
डॉ. आचार्य ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जीएसटी सुधार और इनकम टैक्स छूट की सीमा बढ़ाने के पश्चात प्रस्तुत यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को मजबूत करते हुए चिकित्सा, शिक्षा, नारी शक्ति और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के सशक्तिकरण पर केंद्रित है।