दिल्ली तक पहुंची कांग्रेस की फजीहत, चिरंजीव राव आ रहे बीकानेर
Rajasthan : इकलौती मेयर सीट जीतकर भी डिप्टी मेयर हार पर कांग्रेस में कलह, चिरंजीव राव आ रहे बीकानेर
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर से जयपुर-दिल्ली तक कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर यह गई कि पूरे राजस्थान में महज एक जगह कांग्रेस का मेयर जीता और वह है बीकानेर। नगर निगम में महापौर पद पर कांग्रेस के अनिल कल्ला की जीत के महज 24 घंटे बाद उपमहापौर चुनाव में मिली हार ने राहत की इस खबर के साथ पार्टी की बड़ी फजीहत भी जोड़ दी। पार्टी के भीतर उठे सवाल अब संगठन के शीर्ष स्तर तक पहुंच गए हैं। आक्रोश इस बात पर है कि कांग्रेस के 42 पार्षदों के बावजूद पार्टी प्रत्याशी नसीम बानो को 38 वोट मिले, जबकि भाजपा के पंकज गहलोत 40 वोट लेकर उपमहापौर निर्वाचित हुए। ऐसे में क्रॉस वोटिंग के आरोप लगाते हुए अल्पसंख्यक नेताओं और कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है।
नसीम बानो की हार के बाद अल्पसंख्यक समाज की पंचायत भी जुटी। इसमें पार्टी नेतृत्व से मामले की जांच तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग उठी। सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस के भीतर असंतोष से जुड़े बयान सामने आए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम मुस्तफा ‘बाबू भाई’ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा भेज दिया। इस्तीफे में उन्होंने नगर निगम के महापौर, उपमहापौर चुनाव परिणामों का हवाला देते हुए बीकानेर कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए।
अब इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस का प्रदेश और केंद्रीय संगठन बीकानेर की स्थिति को समझने के लिए सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान के सह-प्रभारी चिरंजीव राव 27 सितंबर को एक दिवसीय दौरे पर बीकानेर आ रहे हैं। उनके साथ राजस्थान कांग्रेस महासचिव प्रद्युम्न सिंह भी रहेंगे। चिरंजीव राव प्रमुख कांग्रेस नेताओं के साथ निकाय चुनाव की समीक्षा बैठक करेंगे। ऐसे में बैठक में महापौर चुनाव की सफलता के साथ ही उपमहापौर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की हार, संगठन के भीतर उठे सवाल और अल्पसंख्यक समाज की नाराजगी से जुड़े मुद्दे चर्चा में आने की संभावना है।