CM भजनलाल की बीकानेर के नेताओं से मीटिंग: पंचायत चुनाव की रणनीति के बीच नहर के पानी और किसान आंदोलन की गूंज
Rudra News Express Jaipur- Bikaner.
जयपुर। बीकानेर जिले में पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्यमंत्री निवास पर खास मीटिंग हुई। इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा नोखा से भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई मौजूद रहे।
बताया जाता हैं बैठक में सिर्फ चुनावी रणनीति ही नहीं, बल्कि किसानों की नाराजगी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। नहर में पानी की कमी से फसलों को हो रहे नुकसान और किसानों के आंदोलन का संभावित चुनावी असर भी बैठक में चर्चा का विषय रहा। सरकार ने किसानों की मांगों पर गंभीरता से काम करने और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
बैठक का मुख्य एजेंडा बीकानेर जिले में होने वाले पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान और जिला प्रमुख के चुनावों में भाजपा की तैयारियों को लेकर रहा। अलग-अलग क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने अपने इलाकों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की तैयारियों और स्थानीय समीकरणों की जानकारी मुख्यमंत्री के सामने रखी। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर भी चर्चा हुई।
नहर के पानी पर किसानों की नाराजगी ने बढ़ाई चिंता
बीकानेर के नहरी क्षेत्र में सिंचाई पानी की कमी से फसलों पर पड़ रहे असर का मुद्दा बैठक में खास तौर पर महत्वपूर्ण रहा। पानी की कमी से फसलों को नुकसान पहुंचने और किसानों में बढ़ती नाराजगी आंदोलन का रूप ले चुकी हैं। ऐसे में पंचायत चुनावों के दौरान यह मुद्दा राजनीतिक रूप से कितना असर डाल सकता है, इसे लेकर भी चर्चा हुई।
किसानों की नाराजगी पर सरकार गंभीर :
बैठक में सरकार की ओर से किसानों की मांगों को गंभीरता से लेने और सिंचाई पानी से जुड़े मामलों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई। संकेत साफ है कि चुनावी तैयारियों के साथ सरकार के सामने किसानों की नाराजगी को दूर करना भी एक महत्वपूर्ण चुनौती है।
खाजूवाला के सिंचाई पानी पर CM ने अधिकारियों से की बात :
बैठक के दौरान खाजूवाला क्षेत्र में सिंचाई जल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात की और आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा नोखा एवं श्रीडूंगरगढ़ में विद्युत व्यवस्था से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए। कोलायत लिफ्ट परियोजना के सुचारू संचालन को लेकर भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।
चुनाव में विकास बनाम नाराजगी का मुद्दा :
बैठक में एक तरफ भाजपा संगठन ने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी पर जोर दिया, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर किसानों की नाराजगी जैसे मुद्दों को भी गंभीरता से लेने की जरूरत सामने आई। पंचायत चुनाव सीधे गांवों और किसानों से जुड़े होने के कारण सिंचाई पानी, फसल नुकसान और बिजली जैसे स्थानीय मुद्दे चुनावी विमर्श का हिस्सा बन सकते हैं।
मेघवाल-राठौड़ ने दिए संगठन को सक्रिय करने के सुझाव
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय को लेकर अपने सुझाव रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने भी सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से बेहतर चुनावी परिणाम हासिल करने की बात कही।
देहात जिलाध्यक्ष ने बताया संगठन का फीडबैक
भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिले में संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।