CM Bhajanlal गांव में तालाब किनारे घूम रहे थे, लोग मिले तो "हथाई" करने लगे, गांव को दी बड़ी सौगात
RNE Bhilwara.
Rajasthan के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शनिवार सुबह भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा गांव में अलग ही अंदाज देखने को मिला। रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री गांव की गलियों और तालाब किनारे प्रातः भ्रमण पर निकले, जहां उन्होंने ग्रामीणों, बुजुर्गों और युवाओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव के दो बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और जीवन के अनुभवों की जानकारी ली, बच्चों को चॉकलेट बांटी तथा ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान, पशुपालक और युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया है। सरकार पानी और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर उप स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने और खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की। साथ ही, ग्राम विकास चौपाल में की गई घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कृषि पर्यवेक्षक मुख्यालय की स्थापना, नए पद सृजित करने तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान (जीव विज्ञान) और कृषि विज्ञान संकाय शुरू करने के आदेश भी जारी कर दिए गए।
प्रातः भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने रघुनाथ मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन किए, फूलसागर तालाब पर योग कर रहे युवाओं के साथ योगाभ्यास किया और शीशम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए श्रमदान करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने गांव में रात्रि विश्राम कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक जब्बर सिंह सांखला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।