{"vars":{"id": "127470:4976"}}

CM Yogi बोले : बस, 15 दिन इंतजार करो, राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा

SIT जांच से सामने आएगा सच, सबूत हैं तो जांच एजेंसी को दें: मुख्यमंत्री योगी

 

RNE Ayodhya. 

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में अनियमितताओं के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या के रुदौली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा "राम मंदिर दान एवं चढ़ावा मामले की SIT जांच जारी है और अगले 15 दिनों में सच्चाई सामने आ जाएगी। अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यदि किसी व्यक्ति के पास मामले से जुड़े दस्तावेजी या अन्य प्रमाण हैं तो वे उन्हें जांच एजेंसी को सौंपें, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। उन्होंने लोगों से जांच पूरी होने तक धैर्य रखने और गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी से बचने की अपील की।

अयोध्या को बदनाम न करें : 

सीएम योगी ने कहा कि जांच से पहले किसी का चरित्र हनन करना उचित नहीं है और इससे अयोध्या की छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने मर्यादा का संदेश दिया है, इसलिए सभी पक्षों को संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।

अखिलेश यादव पर निशाना : 

चढ़ावा विवाद को लेकर अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि "जो लोग कभी रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलाने के आदेश देते थे, वे आज रामभक्ति का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि रामभक्तों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और राजनीतिक लाभ के लिए इस विषय का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।