{"vars":{"id": "127470:4976"}}

CM Yogi ने हॉस्पिटल जाकर महंत नृत्य गोपाल दास के हालचाल जाने, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं महंत गोपाल दास

 

RNE Lucknow. 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने ICU में भर्ती महंत से मुलाकात की और उनका उपचार कर रहे डॉक्टरों से स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिकित्सकों से इलाज की प्रगति पर चर्चा की। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संक्रमण फिलहाल नियंत्रण में है। इससे पहले अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी साझा की थी।

5 दिन से ICU में भर्ती : 

89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून की दोपहर अचेत अवस्था में लखनऊ के मेदांता अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार जांच में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) की पुष्टि हुई। फिलहाल उनका इलाज ICU में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में चल रहा है।

राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत : 

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। वे शुरुआती दौर से ही इस आंदोलन से जुड़े रहे और उन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर निर्माण के उद्देश्य को समर्पित किया। वर्ष 1986 में वे राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष बने। बाद में 1992 के बाद राम जन्मभूमि न्यास का नेतृत्व संभाला और वर्तमान में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

राम मंदिर आंदोलन के दौरान संत समाज को एकजुट करने, न्यायिक लड़ाई और जनआंदोलन को दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। भूमि पूजन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक वे सभी प्रमुख धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे।