{"vars":{"id": "127470:4976"}}

डोटासरा का विवादित बयान, देवनानी का पलटवार, सदन में कैमरे लगाने को लेकर अब कांग्रेस - भाजपा आमने सामने

 

RNE Network.

राजस्थान विधानसभा में कैमरे लगाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस व भाजपा में विवाद गहराता जा रहा है। अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर भी कांग्रेस हमलावर है। 
 

डोटासरा का विवादित बयान:
 

पीसीसी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जासूसी कैमरों से देवनानी रेस्ट रूम में हमारी महिला विधायको को देखते है। 
इस बयान के बाद भाजपा भी हमलावर हो गयी है। डोटासरा ने पीसीसी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कैमरों के जरिये वे देखते है कि महिला विधायक किस दिशा में कैसी अवस्था मे बैठी है, क्या बात कर रही है। हम दो - तीन लोगों पर तो नजर रखते ही है, लेकिन महिलाओं पर ज्यादा फोकस है। उन्होंने कहा कि हमारी महिला विधायक भी इस पर प्रेस कांफ्रेंस करेगी। 

डोटासरा ने यह भी कहा, स्पीकर संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति हमारे प्रतिपक्ष की बहनों पर कैमरा लगाकर उसका एक्सेस अपने पास रखते है। भाजपा का एक विधायक कहता है, जब आप लोग सदन में धरने पर बैठे थे तो कुकृत्य कर रहे थे। महिलाओं के पैर दबा रहे थे। इससे घृणित बात कुछ हो नहीं सकती।
 

देवनानी ने पलटवार किया:
 

डोटासरा के बयान पर अध्यक्ष देवनानी ने एक्स पर रामचरितमानस की चौपाई लिखी। उन्होंने लिखा ' जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन जैसी। ' वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बयान को निंदनीय और संसदीय मर्यादाओं की घोर अवहेलना बताया है। उन्होंने कहा कि जिसका व्यक्तिगत जीवन जैसा होता है, वो दूसरों के बारे में भी वैसा ही सोचता है।