कांग्रेस ने तमिलनाडु के 5 विधायक दिल्ली बुलाये, बंगाल में भी विजयी 2 विधायक राहुल से मिलने आये
RNE Network.
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने व केरलम में नया मुख्यमंत्री तय करने के बाद अब राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे की रणनीति के लिए काम आरम्भ कर दिया है। कई राज्यों में बड़े बदलाव की भी रूपरेखा तैयार की गई है।
तमिलनाडु के विधायक दिल्ली में:
कांग्रेस ने तमिलनाडु से नई राजनीति की शुरुआत की है। अब तक कांग्रेस वहां द्रमुक के साथ थी मगर उसने कांग्रेस के साथ सौतेला व्यवहार किया। कभी सरकार में कांग्रेस को 20 से अधिक विधायक होने के बाद भी शामिल नहीं किया।
इस बार तमिलनाडु में कांग्रेस के 5 विधायक है। सीएम विजय थलापति ने कांग्रेस से समर्थन मांगा तो राहुल गांधी ने तुरंत उसकी स्वीकृति दी। उसके बाद अन्य छोटे दलों ने समर्थन दिया और विजय 118 के बहुमत तक पहुंचे। विजय ने अब कांग्रेस को मंत्रिमंडल में शामिल होने का निमंत्रण दिया, उसे भी राहुल ने स्वीकार किया है।
तमिलनाडु में विजय कांग्रेस के 2 विधायकों को मंत्री पद देंगे। कल राहुल ने अपने 5 विधायक दिल्ली बुलाये और उनसे आगे के लिए चर्चा की।
बंगाल के भी 2 विधायक आये:
पिछली बार बंगाल में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं था मगर इस बार दो विधायक बने है। इन दोनों विधायकों को राहुल ने कल दिल्ली बुलाया और बंगाल के लिए रणनीति पर चर्चा की।