"PM is Compromised" टी-शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक, ट्रेड डील को लेकर हंगामा
RNE Jaipur.
Rajasthan के कांग्रेस विधायक ऐसी टी शर्ट पहनकर सड़कों पर निकले जिसे देखकर हर ओर चर्चा का बाजार गरम हो गया। काफी दूरी तक पैदल चलते हुए ये विधायक विधानसभा पहुंचे। यहां नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस विधायकों ने यही टी शर्ट पहनकर कार्रवाई में भाग लिया।
विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :
दरअसल गुरुवार को राजस्थान की सियासत में उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस के कई विधायक ‘PM is Compromised’ लिखी सफेद टी-शर्ट पहनकर राजस्थान विधानसभा पहुंचे। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया।
अमीन कागजी ने किया नेतृत्व :
इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां देशहित के विपरीत हैं। उनके साथ विधायक मांगेलाल मीणा और रामनिवास गावड़िया भी इसी टी-शर्ट में नजर आए।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध :
विधायकों ने हालिया "India–US Trade Deal" का विरोध किया। उनका आरोप है कि इस समझौते से भारतीय किसानों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्योगों के हितों से समझौता किया गया है। कांग्रेस विधायकों का कहना है कि यह डील आर्थिक संप्रभुता और आत्मनिर्भरता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
"एपस्टीन फाइल्स" का भी जिक्र :
प्रदर्शन के दौरान कुछ विधायकों ने कथित अंतरराष्ट्रीय खुलासों और "Epstein files" का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बाहरी दबाव में काम कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक अपने सरकारी आवास से विधानसभा तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इसके बाद वे सदन की कार्यवाही में भी उसी टी-शर्ट में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा परिसर में नारेबाजी भी की गई।
IYC अभियान का हिस्सा :
यह विरोध प्रदर्शन "Indian Youth Congress" द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘PM is Compromised’ अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। दिल्ली में हालिया प्रदर्शनों के बाद यह अभियान अब राजस्थान में भी तेज हो गया है।