बीकानेर में कांग्रेस की बागी सरिता चौहान को कांग्रेस से सस्पेंड किया!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर की चुनावी बिसात पर बागी बनकर उतरी सरिता चौहान को कांग्रेस ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। गोविंदसिंह डोटासरा ने सख्त संदेश देते हुए यह निर्णय लिया है।
दरअसल बीकानेर में जिला परिषद का चुनाव सबसे हॉट मुद्दा बन गया था। यहाँ कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता को प्रत्याशी बनाया। दूसरी ओर पूर्व मंत्री गोविंदराम की पुत्री सरिता चौहान भी टिकट की मांग पर अड़ी थी। काफी जद्दोजहद के बाद पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा की मध्यस्थता और कांग्रेस आलाकमान की समझाइश के बाद भी दोनों एकमत नहीं हो पाए। पार्टी ने निकिता को प्रत्याशी बना दिया तो सरिता निर्दलीय मैदान में उतर गई।
नतीजे घोषित होने पर जहां निकिता चुनाव जीत गई वहीं उन्हें पार्टी के जीते हुए प्रत्याशियों से काफी कम वोट मिले। दूसरी ओर सरिता को भाजपा का साथ मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने सरिता चौहान को पार्टी से निलंबित किया है।
मतलब यह कि इस चुनाव कांग्रेस ने भारी जीत दर्ज की थी लेकिन अपनी जीत को एकजुट नहीं रख पाई। जाहिर है भाजपा ने इसका लाभ उठाने की कोशिश की। ऐसे में भले ही अभी कांग्रेस के जिला प्रमुख की जीत हुई हो लेकिन पार्टी में बनी फूट की खाई जबरदस्त गहरा गई है। यह कांग्रेस की लगातार मजबूत हो रही ताकत को नुकसान पहुंचा सकती है। इसी को देखते हुए प्रदेशअध्यक्ष ने सख्त निर्णय लिया है।
दूसरी ओर सरिता चौहान ने, पार्टी बदलने या नई पार्टी बनाने का संकेत दिया है। सरिता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है, मैं हार कर भी हंस रही हूं। इसका मतलब समझिए। देखिए आने वाले समय में क्या करती हूँ।