पार्षद ही चुनेंगे मेयर, सभापति व अध्यक्ष को, मंत्री खर्रा ने निकाय चुनाव पर जानकारी दी
Aug 7, 2026, 10:03 IST
RNE Network.
स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने स्पष्ट कर दिया है कि जिस प्रक्रिया से चुनाव होते रहे हैं, उसी प्रक्रिया की तरह इस बार चुनाव होंगे।
ऐसे में पार्षदों में से नगर निगमों, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं में मेयर, सभापति और पालिकाध्यक्षों का चुनाव होगा। खर्रा सीकर में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के समय एक बार निकाय चेयरमेन का सीधा चुनाव कराया गया था, उसमें चेयरपर्सन और पार्षदों के बोर्ड अलग अलग विचारधारा के बन गए थे। ऐसे में फिर पांच साल तक उन बोर्डों में खींचतान चलती रही। इससे विकास कार्य प्रभावित हुए थे।