{"vars":{"id": "127470:4976"}}

दतिया बना सियासी रणक्षेत्र, शिव सेना ने नरोत्तम मिश्रा को दिया है ऑफर

 

RNE Network.

मध्यप्रदेश की दतिया सीट अब हॉट शीट बन गयी है। इस सीट पर विधानसभा का उपचुनाव हो रहा है। यह उपचुनाव देश की सियासत का सबसे हॉट टॉपिक बन चुका है। भाजपा को यहां पहली बार अपनों के ही विरोध का सामना टिकट को लेकर करना पड़ रहा है। 
 

यहां की जिला भाजपा इकाई ने सामूहिक त्यागपत्र दे दिया है। टायर जलाकर हाईवे भी जाम किया। दुकानें बंद रखी। प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जनता और पुलिस के बीच जवर्दस्त टकराहट हुई। पत्थरबाजी हुई। भोपाल से दिल्ली तक भाजपा के नेताओं की दतिया ने नींद उड़ा दी।
 

दतिया सीट पर भाजपा ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बना दिया। इस निर्णय के विरोध में मिश्रा के समर्थक सड़कों पर उतरे हुए हैं। पूरे दतिया में बवाल मचा हुआ है।

कांग्रेस ने घनश्याम को उतारा:

कांग्रेस ने इस सीट के लिए कल अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। पहले लोगों का कयास था कि कांग्रेस नरोत्तम मिश्रा को चुनाव लड़ने का ऑफर दे सकती है। मगर ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया। जिले के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष 72 वर्षीय घनश्याम सिंह का दतिया राजघराने से सम्बन्ध है। वह 3 बार विधायक रह चुके हैं।

मिश्रा को शिव सेना का ऑफर:

वहीं दूसरी तरफ एक चकित करने वाली घटना हुई है। पूर्व गृहमंत्री व टिकट से वंचित रहे नरोत्तम मिश्रा को महाराष्ट्र की पार्टी शिव सेना उद्धव ने अपने दल से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है।