विधायक के समधी पर धोखाधड़ी का केस, 25 शादियों के आरोप से मचा हड़कंप
RNE Network.
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की सेवता विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनेज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी और तथ्य छिपाने के आरोप में रेउसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार विधायक की बेटी प्रज्ञा तिवारी की शादी 2024 में मिश्रीख क्षेत्र के चन्द्रवाल निवासी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से हुई थी। विधायक द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार शादी के समय आरोपी पक्ष ने खुद को मुम्बई का बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताया था।
स्थानीय स्तर पर जांच और प्रतिष्ठित लोगों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद यह रिश्ता तय किया गया था। पुलिस के अनुसार अनुज त्रिवेदी पर फर्जी पहचान के आधार पर करीब 25 शादियां करने और धोखाधड़ी करने के आरोप है। पुलिस ने बताया कि इन आरोपों और पीड़ित महिलाओं की शिकायत के आधार पर अनुज त्रिवेदी और उसके बेटे प्रखर त्रिवेदी को गिरफ्तार किया गया। सीतापुर अंचल में इस वाकिये से हलचल मची हुई है। लोग कह रहे हैं कि जब विधायक के साथ ऐसी घटना हो जाये तो आम आदमी का क्या होगा ?