{"vars":{"id": "127470:4976"}}

संसद के दोनों सदनों में आज अहम विधायी कामकाज, वित्त विधेयक 2026 पर चर्चा

 

RNE Network.
 

संसद के दोनों सदनों में आज अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध हैं। राज्यसभा में वित्त मंत्री वित्त विधेयक 2026 पर चर्चा का प्रस्ताव पेश करेंगी। ये विधेयक लोकसभा से पहले ही पारित हो चुका है। चर्चा के बाद वित्त मंत्री विधेयक को लौटाने का भी प्रस्ताव रखेंगी। 
 

वहीं राज्यसभा की कार्यसूची में आज विनियोग (संख्यांक) विधेयक 2026 भी शामिल है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 23 मार्च को सदन में पेश किए गए इस विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 'विनियोग (संख्यांक) विधेयक को लौटाने का प्रस्ताव रखेंगी।
 

लोकसभा में आज दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2025 सूचीबद्ध है। सदन में 25 मार्च को पेश हुए इस विधेयक पर आज भी चर्चा जारी रहेगी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसे पारित करने का प्रस्ताव भी पेश करेंगी। 
 

दोनों सदनों में कई महत्वपूर्ण संसदीय समितियों की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। प्रश्नकाल में विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े सवाल-जवाब होंगे। वहीं शून्यकाल में सांसद लोकहित के मुद्दे सदन में रखेंगे।