Haridwar जा रहे जैसलमेर के यात्रियों की कार नदी में गिरी कार, तीन की मौत, 04 लापता, 01 बच्चा घायल
Jun 3, 2026, 15:54 IST
RNE Jaisalmer-Haridwar.
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने राजस्थान के जैसलमेर जिले में मातम फैला दिया। हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। हादसे में राजस्थान के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग अभी भी लापता हैं। एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी यात्री जैसलमेर जिले के दरियानाथ बावड़ी क्षेत्र के निवासी थे और धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार जा रहे थे। टिहरी क्षेत्र में पहाड़ी मार्ग पर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी :
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी में बहे यात्रियों की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चार लोगों की तलाश जारी है।
राजस्थान के CM भजनलाल ने उत्तराखंड के CM धामी से बात की :
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर बात कर हादसे की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत एवं सहायता के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को संबल तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना भी की।
राज्यपाल ने भी जताया शोक :
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भी हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
जैसलमेर में पसरा मातम :
हादसे की खबर मिलते ही जैसलमेर जिले के दरियानाथ बावड़ी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों की निगाहें अब रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं। प्रशासन लगातार उत्तराखंड सरकार के संपर्क में है और राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है। फिलहाल चार लापता लोगों की तलाश जारी है और पूरे क्षेत्र में दुआओं का दौर चल रहा है।