लोकसभा-राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
RNE Network.
लोकसभा की कार्यवाही आज विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण पहले दोपहर 12 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने नीट मुद्दे पर विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दे उठाये। आज सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई पीठासीन अधिकारी एन.के.प्रेमाचंद्रन ने प्रश्न काल चलाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष ने विद्यार्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया और इस पर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग की। शोरशराबे के कारण सदन की कार्यवाही दिन के 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
राज्यसभा की कार्यवाही नीट मुद्दे पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई सहित कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। आज सवेरे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों के दस्तावेज सदन के पटल पर रखे। वित्त, आवासन और शहरी मामलों, रेलवे, सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता मंत्रालय से संबंधित संसदीय स्थायी समितियों की रिपोर्ट भी सदन में पेश की गईं। इसके बाद सभापति सी पी राधाकृष्णन ने शून्यकाल शुरू किया।
भाजपा के तरुण चुघ ने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते मादक पदार्थों के उपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा तेजी से नशे की लत का शिकार हो रहे हैं, जिससे राज्य में आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि अत्यधिक नशीली दवाओं के सेवन से एक साल में 89 लोगों की जान चली गई। श्री चुघ ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद पंजाब सरकार ने मादक पदार्थों पर नियंत्रण को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
भाजपा के बाबूभाई जेसंगभाई देसाई ने गुजरात में चांदीपुरा वायरस रोग का मुद्दा उठाया और सरकार से इस बीमारी से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाने का आग्रह किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संतोष कुमार, भाजपा के बिस्वजीत सिन्हा और डॉ. के लक्ष्मण ने भी जनहित के अत्यावश्यक मुद्दों को उठाया। परंतु सदन में लगातार नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही को पहले 12 बजे और बाद में 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।