नितिन नवीन और बी.एल. संतोष से मिलीं वसुंधरा राजे, राजस्थान भाजपा में हलचल
RNE Network.
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कल दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। राजे ने इसके बाद पार्टी महामंत्री ( संगठन ) बी एल संतोष से भी मुलाकात की।
राजे की राष्ट्रीय अध्यक्ष व संगठन महामंत्री से मुलाकातों के बाद प्रदेश भाजपा की सियासत में गर्माहट आ गयी है। काफी दिन शांत रहने के बाद वसुंधरा राजे एक बार फिर से सक्रिय हुई है। इस सक्रियता के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। क्योंकि प्रदेश व देश के स्तर पर भाजपा में आने वाले समय में कई बड़े राजनीतिक परिवर्तन होने हैं। जो कुछ राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले हो जाएंगे।
नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने काफी समय हो गया है और अब वे अपनी टीम को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। राजे वर्तमान में पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी है। राजस्थान से सतीश पूनिया को पार्टी राज्यसभा भेज चुकी है। अभी भी राजेन्द्र राठौड़ को एडजेस्ट किया जाना बाकी है। वहीं राजे को लेकर भी अभी तक पार्टी कोई निर्णय नहीं कर सकी है। इस दृष्टि से राजे की राष्ट्रीय अध्यक्ष व संगठन महामंत्री से मुलाकात को काफी महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा में इसको लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल का भी विस्तार होना है। उसके मद्धे नजर भी यह मुलाकात महत्त्वपूर्ण मानी जा रही है। राज्य के मन्त्रिमण्डल का विस्तार भी लम्बे समय से अटका हुआ है, जिसमें राजे समर्थकों की भी भागीदारी संभावित है। इन सबके चलते राजे की इन मुलाकातों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।