नितिश ने कहा, राज्यसभा जाऊंगा, अटकलें तेज, हजारों लोग घर के आगे जुटे!
तेजस्वी बोले-अब नहीं बचेगी जेडीयू
RNE Patna.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा प्रत्याशी बनने की मंशा जाहिर की है। इसके साथ ही कहा है कि बिहार में जो भी सरकार बनेगी उसे पूरा समर्थन, सहयोग, मार्गदर्शन रहेगा। ‘एक्स’ पर नितिश की ओर से यह जानकारी साझा करते ही बिहार में हड़कंप मच गया है। सैकड़ों लोग उनके घर के आगे जुट गए हैं। कार्यकर्ताओं की भीड़ जेडीयू दफ्तर पहुंच गई है। कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं ‘हमारा सीएम कैसा, नीतीश कुमार जैसा हो।’ कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश किसी दबाव में हैं और उन्हंे पद छोड़ने पर मजबूर किया जा रहा है। भाजपा की बेहतर परफॉर्मेंस के बाद गठबंधन सरकार में नीतीश की बजाय भाजपा का ज्यादा प्रभाव होने का जिक्र भी हो रहा है। इस बीच राजद नेता तेजस्वी ने कहा है, अब जेडीयू नहीं बचेगी।
नीतीश ने नामांकन दाखिल किया :
इस बीच नीतीश ने राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भी दाखिल कर दिया है। उन्होंने बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। सीएम नीतीश कुमार के साथ ही गठबंधन के नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजेंद्र यादव, विजय चौधरी समेत भाजपा-जदयू के कई वरिष्ठ नेता नामांकन कार्यक्रम में शमिल हुए।
जानिये क्या कहा है नीतीश कुमार ने:
नीतीश कुमार ने "x" पर कहा, पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
राज्यसभा जाने की इच्छा थी :
नीतीश ने कहा, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।
नई सरकार को सहयोग :
राज्यसभा सांसद बनते ही नीतीश सीएम पद छोड़ देंगें, इस बात के संकेत उनके बयान से मिल रहे हैं। उन्होंने लिखा है, मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
कार्यकर्ता नाराज, तोडफोड :
नीतीश के इस फैसले के JDU के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। कार्यालय पहुंचे लोगों ने तोडफोड की। सैकड़ों लोग सड़क पर आए, आरोप लग रहे हैं कि नीतीश कुमार भाजपा के दबाव में हैं।