Parliament Winter Session : एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
RNE Network.
संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। इस सत्र में 19 दिनों की अवधि में कुल 15 बैठकें होंगी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे जब कार्यवाही शुरू हुई, तो विपक्षी सांसदों ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी के बीच, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने तंबाकू और उससे संबंधित उत्पादों पर उत्पाद शुल्क लगाने के लिए केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक 2025 पेश किया।
सीतारामन ने पान मसाला जैसी विशिष्ट वस्तुओं के उत्पादन पर उपकर लगाने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक 2025 भी पेश किया। उन्होंने मणिपुर वस्तु और सेवा कर अधिनियम, 2017 में संशोधन के लिए मणिपुर वस्तुऔर सेवा कर (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 भी पेश किया।
लोकसभा ने जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2025 पर प्रवर समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का समय भी शीतकालीन सत्र, 2025 के दूसरे सप्ताह के अंतिम दिन तक बढ़ा दिया। इसके साथ ही लोकसभा ने 'दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2025' पर प्रवर समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का समय भी शीतकालीन सत्र, 2025 के अंतिम दिन तक बढ़ा दिया है। अपील के बावजूद, विपक्षी सांसदों ने अपना विरोध जारी रखा, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे जब शुरू हुई, तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अभिनेता धर्मेंद्र, कर्नल सेवानिवृत्त सोना राम चौधरी, प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा और रवि नाइक के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया, जिसके बाद सदन में उनकी याद में एक मिनट का मौन रखा गया।
लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होने पर विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी शुरू कर दी। श्री बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों के व्यवहार पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है।
इस अपील के बावजूद सांसदों ने विरोध जारी रखा, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। वहीं, राज्यसभा में सवेरे 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई, तो जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के गुरविंदर सिंह ओबेरॉय, चौधरी मोहम्मद रमजान और सज्जाद अहमद किचलू ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
आज पहली बार राज्यसभा की अध्यक्षता करने वाले सदन के सभापति सी पी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन का एक साधारण पृष्ठभूमि से उपराष्ट्रपति पद तक का सफर देश के लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सदस्यों के लिए उनका स्वागत करना गर्व का क्षण है। मोदी ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में सदन, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेगा और निर्णय लेगा। उपसभापति हरिवंश ने भी राधाकृष्णन का स्वागत किया।