{"vars":{"id": "127470:4976"}}

सरकार की रणनीति बनाने को आज राजनाथ सिंह के यहां बैठक, कल विपक्षी दल सोनिया के आवास पर जुटेंगे

 

 

RNE Network.

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से आरम्भ हो रहा है। इस दिन से लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें आरम्भ होगी। जिसके लिए सत्ता पक्ष व विपक्ष ने अभी से रणनीति बनानी आरम्भ कर दी है। इस बार का संसद सत्र खासा हंगामेदार रहेगा।
 

विपक्ष के हमलों का प्रत्युत्तर देने के लिए आज सत्ता पक्ष की भी बैठक हो रही है। सरकार के दल मंथन करने के लिए आज भाजपा के वरिष्ठ नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर बैठक कर रहे हैं। इस अहम बैठक में उन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी, जो विपक्ष इस बार के सत्र में उठा सकता है। उन मुद्दों के जवाब व जवाबी हमले की रणनीति रक्षा मंत्री के आवास पर होने वाली बैठक में तय की जायेगी।
 

वहीं, सभी विपक्षी दल कल कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर एकत्रित होकर बैठक करेंगे। विपक्ष इसमें सरकार पर हमले की अपनी रणनीति बनायेगा। विपक्ष राम मंदिर के दान व चढ़ावे की कथित हेराफेरी को बड़ा मुद्दा बनाकर सरकार को घेरेगा। राम मंदिर के बाद बदरीनाथ धाम के चढ़ावे को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं, विपक्ष इस मुद्दे पर भी सरकार को घेरेगा।
 

विपक्ष पेपर लीक को लेकर बवाल करेगा। क्योंकि इस मुद्दे पर युवा, छात्र जंतर मंतर पर धरना दिए हुए बैठे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी आमरण अनशन कर रहे हैं। इन सबकी मांग में सुर मिलाते हुए विपक्ष भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करेगा।