{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Ravindra Singh Bhati की EWS यात्रा को जबरदस्त समर्थन, श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर तक उमड़ा युवा सैलाब
 

 

Rudra News Express Bikaner.

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के नियमों में सरलीकरण और व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की EWS सरलीकरण यात्रा का दूसरा चरण सोमवार को बीकानेर जिले में पहुंचा। श्रीडूंगरगढ़ से शुरू हुए यात्रा के इस चरण में भाटी के काफिले का रास्ते में कई जगह युवाओं और समर्थकों ने स्वागत किया। श्रीडूंगरगढ़ के मुख्य बाजार में बड़ी संख्या में युवा सड़क के दोनों ओर जमा रहे और काफिले के पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर भाटी का स्वागत किया।

भाटी की यह यात्रा EWS व्यवस्था से जुड़े नियमों को सरल और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बनाने की मांग को लेकर निकाली जा रही है। इससे पहले बाड़मेर से शुरू हुई जन-संवाद यात्रा के बाद अब दूसरे चरण में पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं और EWS वर्ग से जुड़े लोगों के बीच संवाद किया जा रहा है।

ये हैं भाटी की प्रमुख मांगें :

यात्रा के दौरान EWS प्रमाण-पत्र की मौजूदा वैधता अवधि बढ़ाकर तीन से पांच वर्ष करने, राजस्थान सरकार द्वारा जारी EWS प्रमाण-पत्र को केंद्र सरकार की नौकरियों और केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में मान्यता देने तथा EWS पात्रता में जमीन के केवल आकार को आधार नहीं मानने की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है।

भाटी का तर्क है कि राजस्थान के पश्चिमी जिलों में जमीन का आकार हमेशा परिवार की वास्तविक आर्थिक स्थिति को नहीं दर्शाता। इसलिए जमीन की उत्पादकता, सिंचाई की उपलब्धता, स्थानीय भूमि मूल्य और उससे होने वाली वास्तविक आय जैसे पहलुओं को भी पात्रता तय करने में शामिल किया जाना चाहिए।

इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में EWS अभ्यर्थियों को आयु सीमा और आवेदन शुल्क में उचित राहत देने तथा आय प्रमाण-पत्र और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी अभियान में शामिल है। विवाहित महिला अभ्यर्थियों के दस्तावेज और आय निर्धारण से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल करने की मांग भी रखी गई है।

श्रीडूंगरगढ़ से कालू और लूणकरणसर होते हुए बीकानेर :

सोमवार सुबह श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने के बाद भाटी ने EWS से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। इसके बाद उनका काफिला कालू और लूणकरणसर होते हुए बीकानेर के लिए रवाना हुआ। लूणकरणसर में भी यात्रा के दौरान सभा और स्वागत कार्यक्रम हुए। बीकानेर पहुंचने से पहले ही शहर में भाटी के स्वागत को लेकर समर्थकों और युवाओं की भीड़ जुटने लगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीकानेर में स्वागत कार्यक्रमों के बाद शाम को रोड शो और इसके बाद जूनागढ़ के सामने सभा का कार्यक्रम रखा गया।

बीकानेर में पूगल फांटा से गोकुल सर्किल होते हुए जूनागढ़ पहुंचेगा काफिला :

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का बीकानेर रोड शो पूगल फांटा से शुरू होगा। यहां से भाटी का काफिला गोकुल सर्किल पहुंचेगा और इसके बाद नत्थूसर गेट सहित शहर के भीतरी प्रमुख मार्गों से होते हुए जूनागढ़ तक जाएगा। यात्रा के स्वागत को लेकर शहर में अलग-अलग स्थानों पर तैयारियां की जा रही हैं।

पूगल फांटा से गोकुल सर्किल तक यात्रा के दौरान समर्थकों और युवाओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है। इसके बाद नत्थूसर गेट और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। वार्ड 44 के पार्षद शुभकरण गहलोत और उनकी टीम भी भाटी के स्वागत की तैयारियों में जुटी है।

EWS मुद्दे को लेकर लगातार मुखर हैं भाटी :
भाटी पिछले दिनों से EWS व्यवस्था में बदलाव को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यह अभियान किसी एक समुदाय या धर्म विशेष के लिए नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र लोगों को व्यवस्था का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए है।