पंचायत चुनाव बीकानेर : पुत्र वधु निकिता की चुनावी एंट्री याद दिला रही रामेश्वर डूडी की!
हर गांव - ढाणी में कायम है डूडी की धमक! उम्मीदवार हो या वोटर, डूडी का ही कर रहे जिक्र
- जनरंजन : मधु आचार्य ' आशावादी '
पंचायत राज के चुनाव अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। 30 साल तक इन चुनावों की कहानी को लिखने, साकार करने का काम किसान केसरी, दिवंगत दिग्गज नेता रामेश्वर डूडी करते रहें। इस बार के चुनाव में वे सशरीर नहीं है, इस बात का मलाल किसान कौम व कांग्रेस, दोनों को है। जबकि उनकी धर्मपत्नी और नोखा विधायक सुशीला डूडी अपनी पूरी क्षमताओं का उपयोग कर स्व डूडी की कमी को पूरा करने का प्रयास कर रही हैं। अब तो उनकी पुत्रवधु निकिता डूडी भी चुनावी समर में उतर गई है।
बीकानेर में पंचायत राज के चुनाव अब आखिरी चरण में चल रहे हैं। पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों की बची हुई सीटों पर मतदान होना है। उसके बाद पंचायत समिति प्रधान व जिला प्रमुख के लिए चुनाव होने हैं। इस बार बीकानेर जिला प्रमुख का पद किसी विशेष वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है, अनारक्षित है। इस कारण ही अच्छा घमासान हो रहा है।
बीकानेर पंचायत राज के पिछले 30 साल के चुनावों की कहानी दिग्गज नेता, किसान केसरी स्व रामेश्वर डूडी ही लिखते रहे हैं। 2 बार तो वे खुद जिला प्रमुख बने और बाकी में उन्होंने जिसे चाहा, वह जिला प्रमुख के पद तक पहुंचा।
किसान नेता डूडी का ग्रामीण क्षेत्र में हर गांव - ढाणी में बसने वाले हरेक अमीर - गरीब व 36 कौम के लोगों से था। वे जयपुर कम और बीकानेर के नोखा व ग्रामीण क्षेत्रों में ही अधिक समय व्यतीत करते थे। ग्रामीणों के सुख - दुःख में खड़े मिलते थे। उनके बिजली, पानी, फसल बीमा आदि की समस्याओं के लिए लड़ते थे। संभवतः ग्रामीण क्षेत्र का शायद ही कोई व्यक्ति हो जिससे उनका जुड़ाव न हो या फिर वो डूडी को जानता नहीं हो। डूडी ग्रामीण क्षेत्र के हर चुनाव की धड़कन थे। वे नोखा प्रधान रहे, बीकानेर संसदीय क्षेत्र के सांसद रहे, नोखा से विधायक रहे, दो बार जिला प्रमुख रहे। ग्रामीण राजनीति की नब्ज को उनसे अधिक कोई नहीं पहचानता था। इस बार उनके देहावसान के एक साल बाद चुनाव हो रहा है।
इस चुनाव में भी डूडी का ही जिक्र :
अब रामेश्वर डूडी दुनिया में नहीं है, उनकी अनुपस्थिति में पंचायत राज का यह पहला चुनाव है। वे नहीं है, मगर हर गांव - ढाणी में चाहे उम्मीदवार हो या वोटर, जिक्र डूडी का ही कर रहे हैं। कांग्रेस के तो हर उम्मीदवार ने अपनी प्रचार सामग्री पर डूडी का फोटो लगा रखा है और अपने भाषणों में भी उनका ही जिक्र कर रहा है। उनके नाम पर ही कांग्रेस का हर उम्मीदवार वोट मांग रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि उनकी पैठ ग्रामीण क्षेत्र में मजबूत थी और उनके निधन के बाद उनके प्रति हरेक के मन में गहरी सहानुभूति है। इस सहानुभूति के चलते ही अनेक सरपंच जीते हैं। अब पंचायत समितियों व जिला परिषद चुनावों में भी इसी सहानुभूति के सहारे उमीदवार आस लगाए हुए हैं।
रामेश्वर डूडी की कमी को पूरा करने की कोशिश में है सुशीला :
नोखा विधायक व स्व डूडी की धर्मपत्नी सुशीला डूडी अपनी तरफ से डूडी की कमी को पूरा करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। गांव गांव पहुंचकर लोगों से झोली फैलाकर वोट मांग रही है। उन्होंने अपना पूरा समय डूडी की तरह ही चुनाव को दे दिया है और हर जगह पहुंचकर वोट की अपील कर रही है। विधायक सुशीला डूडी की इस सक्रियता से लोगों को स्व डूडी की याद आ रही है। वे भी पंचायत राज चुनावों के समय हर ढाणी तक पहुंचने की कोशिश करते थे।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष व डूडी के निकटस्थ बिसनाराम सियाग भी पूरी तरह से विधायक सुशीला डूडी के साथ है। उन्होंने चुनावों में हमेशा डूडी के साथ समय बिताया है, इस कारण वे उनके साथियों और समर्थकों को पहचानते हैं। उन सबको एकजुट करने के प्रयास वे कर रहे हैं और डूडी के समय को याद दिला रहे हैं।
पुत्रवधु निकिता भी याद दिला रही स्व डूडी की :
इस बार पंचायत राज चुनाव में डूडी परिवार की भी एंट्री हुई है। उनकी पुत्रवधु जिला परिषद का चुनाव लड़ रही है, जिनको भी स्वाभाविक रूप से जिला प्रमुख का एक प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। यह तो खैर पार्टी नेतृत्त्व पर निर्भर है कि वो जिला प्रमुख का टिकट किसे देता है। मगर ग्रामीण जनता निकिता डूडी में जिला प्रमुख की झलक देख रही है। इसी कारण उनको जिला प्रमुख का एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
स्व डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी में डूडी की झलक दिखती है। वे भी गांव गांव पहुंच रही है और लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील कर रही है। अपनी सास व नोखा विधायक सुशीला डूडी की तरह निकिता भी पढ़ी लिखी है और व्यवहार ससुर स्व रामेश्वर डूडी की तरह ही शालीनता का है। चूंकि निकिता डूडी परिवार से है, इस कारण लोगों का दुलार भी उनको पूरा मिल रहा है। उनके संबोधन को ग्रामीण गम्भीरता से सुनते हैं और स्व डूडी को याद करके भावुक हो जाते हैं।
कुल मिलाकर ये पंचायत राज चुनाव भी स्व डूडी से पूरी तरह प्रभावित है। हर जगह उनकी उपस्थिति लोगों के चेहरे पर दिखाई देती है। डूडी का असर साफ साफ नजर आ रहा है। चुनाव की धड़कन इस बार भी किसान केसरी स्व रामेश्वर डूडी ही बने हुए हैं।