{"vars":{"id": "127470:4976"}}

देश में आएंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

 

RNE Network.

केंद्र सरकार ने आरबीआई को रुपये 10 और 20 के एक - एक अरब ( 100 करोड़ ) प्लास्टिक नोट ( पॉलीमर बैंकनोट ) फील्ड ट्रायल के लिए जारी करने की मंजूरी दे दी है।

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कल लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि आरबीआई ने प्लास्टिक नोट फील्ड ट्रायल के लिए जारी करने और ट्रायल सफल रहने पर 10 व 20 रुपये मूल्यवर्ग के प्लास्टिक नोटों को नियमित रूप से जारी करने की मंजूरी मांगी थी, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। इससे पहले प्लास्टिक के नोट छापने के लिए घरेलू ग्लोबल कम्पनियों को आजर्षित करने के लिए आरबीआई ने टेंडर जारी किए थे।

कागज के नोटों के साथ चलेंगे:

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया है कि प्लास्टिक नोट मौजूदा कागज ( पेपर सब्सट्रेट ) वाले नोटों के साथ साथ जारी किए जाएंगे। फिलहाल कागज के नोटों को पूरी तरह प्लास्टिक नोटों से बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। 

 

पंकज चौधरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों से पता चलता है कि प्लास्टिक नोटों की उपयोग अवधि ( लाइफ स्पेन ) कागज के नोटों की तुलना में काफी अधिक है। प्लास्टिक नोटों की शुरुआत अभी शुरुआती चरण में है। इनके नियमित रूप से जारी होने के बाद ही आकलन किया जा सकेगा कि इनका डिजिटल भुगतान पर कोई प्रभाव पड़ता है या नहीं।